टी20 वर्ल्ड कप में अब गिनती के दिन बचे हुए हैं, वहीं पाकिस्तान का अब नया नाटक शुरू हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए मंजूरी दे दी है। सरकार ने साफ किया कि सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम भारत के खिलाफ अपना मैच नहीं खेलेगी। वहीं पाकिस्तान के इस नए ड्रामे के बाद खबर है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सस्पेंड कर सकती है। ICC के जारी शेड्यूल के अनुसार, पाकिस्तान को 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में ग्रुप-A मैच में भारत से भिड़ना था।
पाकिस्तान सरकार के X पोस्ट में कहा गया, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी देती है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेलेगी।”
पाकिस्तान पर लग सकता है बैन
RevSportz की रिपोर्ट के अनुसार, "भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।" सूत्रों का कहना है कि "ICC इस कदम के लिए पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बैन का खतरा भी बन सकता है। बताया जा रहा है कि इस मामले पर ICC बोर्ड की बैठक मंगलवार से गुरुवार के बीच हो सकती है।"
रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों के मुताबिक कि पाकिस्तान को विश्व क्रिकेट के बड़े हितों की अनदेखी करते हुए देखा जा रहा है। एक सूत्र ने तो इस फैसले को पाकिस्तान के लिए नुकसानदेह, यहां तक कि आत्मघाती कदम तक बताया है।
पाकिस्तान बोर्ड ने नहीं दी जानकारी
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अभी तक ICC को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप-A मैच के बहिष्कार के अपने फैसले की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि ICC इस मामले में सख्त रुख अपना सकता है और पाकिस्तान को आने वाले सबसे छोटे फॉर्मेट के बड़े टूर्नामेंट में खेलने से बैन भी किया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, ICC अपने सदस्य देशों को पाकिस्तान में द्विपक्षीय सीरीज खेलने से रोक सकता है। इसके अलावा, विदेशी खिलाड़ी (फ्री एजेंट्स को छोड़कर) पाकिस्तान सुपर लीग में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इतना ही नहीं, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से ब्रॉडकास्टर्स को हुए नुकसान की भरपाई करने को भी कहा जा सकता है, जिसकी रकम करीब 200 करोड़ रुपये तक हो सकती है।
अगर पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर किया जाता है, तो उसकी जगह युगांडा को टूर्नामेंट में शामिल किया जा सकता है। वहीं, अगर ICC पाकिस्तान को वर्ल्ड कप खेलने की अनुमति भी दे देता है, तब भी पाकिस्तान को किसी तरह की सजा या बैन का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में पाकिस्तान की स्थिति अभी भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा रही है।