India vs Pakistan, T20 World Cup 2026: रविवार (15 फरवरी) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट का हाईवोल्टेज मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इसमें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से एकतरफा हराया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और 'ट्रॉफी चोर' मोहसिन नकवी भी भारत-पाक मुकाबला देखने कोलंबो पहुंचे थे। लेकिन नकवी पाकिस्तानी टीम की शर्मनाक हार को सामने देख मैच खत्म होने से पहले ही चुपके से मुंह छिपाकर स्टेडियम से निकल गए।
मोहसिन नकवी का स्टेडियम से भागने का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। नकवी को भारत-पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप मैच की दूसरी इनिंग के बीच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम से बाहर निकलते हुए देखा गया। PTI ने उन्हें मैच के दौरान ग्राउंड के बाहर एक कार में कैप्चर किया। ग्राउंड पर मौजूद मीडिया ने कन्फर्म किया कि 12वें ओवर में मोहम्मद नवाज़ के आउट होने के बाद वह चले गए थे।
नवाज का विकेट वाकई एक बड़ा झटका था। इसने मैच में पाकिस्तान की किस्मत लगभग तय कर दी थी। उस समय 176 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तान का स्कोर 77/5 था। लेकिन पाकिस्तानी टीम आखिरकार 18 ओवर में 114 रन पर आउट हो गई। पाकिस्तानियों को एक बार फिर 61 रन से बड़ी हार का सामना करना पड़ा।
वायरल वीडियो और तस्वीरों को देखकर सोशल मीडिया पर कुछ फैंस ने मजाक में कहा कि नकवी अपने देश को कट्टर दुश्मनों से हारते देखने से पहले ही भाग गए। PCB और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ बनने के बाद से नकवी भारतीय फैंस के निशाने पर रहते हैं।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ICC टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 61 रन की बड़ी जीत के साथ सुपर आठ चरण के लिए क्वालीफाई करने के बाद कहा कि इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था। उन्होंने 175 रन बनाकर विरोधी टीम को मुकाबले से बाहर कर दिया।
भारत के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम हार्दिक पंड्या (16 रन पर दो विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन पर दो विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन पर दो विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।
भारत ने इससे पहले ईशान किशन की 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी और तिलक वर्मा (25) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 87 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 175 रन बनाए।
सूर्यकुमार ने कहा कि इस पिच पर 155 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होता। वह 15 से 20 रन अधिक बनाने में सफल रहे। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के तूफानी अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने पाकिस्तान पर 61 रन की एकतरफा जीत के साथ सुपर आठ चरण के लिए क्वालीफाई किया।