IND vs PAK: क्या आज कप्तान सूर्यकुमार और सलमान हाथ मिलाएंगे? भारत-पाकिस्तान के बीच कोलंबो में होगी हाई वोल्टेज भिड़ंत

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान दोनों के कप्तानों ने 14 फरवरी को इस बात पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी कि रविवार (15 फरवरी) को होने वाले उनके टी20 वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले से पहले या बाद में उनकी टीमें हाथ मिलाएंगी या नहीं। भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने पिछले साल दुबई में आयोजित एशिया कप के समय से एक-दूसरे से हाथ मिलाना बंद कर दिया है

अपडेटेड Feb 15, 2026 पर 8:16 AM
Story continues below Advertisement
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में आज हाई वोल्टेज मैच होने वाला है

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज यानी 15 फरवरी को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबले से पहले हैंडशेक विवाद एक बार फिर चर्चा में है। श्रीलंका के कोलंबो में होने वाले हाई वोल्टेज मैच से पहले भारत और पाकिस्तान के कप्तानों ने अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। हैंडशेक विवाद पर सूर्यकुमार यादव ने मुस्कुराते हुए कहा, "24 घंटे इंतजार कीजिए।" उनके समकक्ष सलमान अली आगा ने भी यही बात दोहराई, 'कल तक इंतजार कीजिए।'

शनिवार को सबके मन में उठ रहे सवाल का जवाब नहीं मिला। भारत और पाकिस्तान दोनों के कप्तानों ने इस बात पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी कि रविवार को होने वाले उनके टी20 वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले से पहले या बाद में उनकी टीमें हाथ मिलाएंगी या नहीं।

भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने पिछले साल दुबई में आयोजित एशिया कप के समय से एक-दूसरे से हाथ मिलाना बंद कर दिया है। यह टूर्नामेंट पहलगाम हमले और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की पृष्ठभूमि में खेला गया था ।


सूर्यकुमार यादव से जब मैच पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में हाथ मिलाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "अब इसके लिए 24 घंटे इंतजार कीजिए। इस पर इतना ध्यान क्यों देना? हम क्रिकेट खेलने आए हैं। हम अच्छा क्रिकेट खेलेंगे। इन सब फैसलों पर हम कल बाद में विचार करेंगे। इंतज़ार कीजिए। अच्छे से खाइए और सो जाइए।"

आगा ने इससे पहले इस बारे पूछे जाने पर कहा था, "इस बारे में हम कल देखेंगे।" आगा ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में खेल भावना को बनाए रखा जाना चाहिए। आगा ने कहा, "क्रिकेट (सही) भावना के साथ खेला जाना चाहिए। मेरी व्यक्तिगत राय शायद मायने नहीं रखती। लेकिन क्रिकेट उसी तरीके से खेला जाना चाहिए, जिस तरह से इसे हमेशा खेला जाना चाहिए था। क्या करना है, यह तय करना उन पर निर्भर है।"

इस बीच यह भी पता चला है कि रविवार को प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय खेमे का माहौल भी आक्रामक के बजाय अधिक संयमित है। टीम ने इस मामले में अंतिम निर्णय उच्च अधिकारियों पर छोड़ दिया है। टीम उनके निर्देशों का पालन करेगी।

भारतीय टीम के अंदर हालांकि सोशल मीडिया पर सार्वजनिक भावनाओं को लेकर सतर्कता भी है, क्योंकि पहलगाम हमले के बाद भावनाएं अब भी काफी संवेदनशील बनी हुई है। इसलिए प्रतिक्रियाएं तीखी हो सकती हैं।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा था कि वह कोलंबो में भारत-पाकिस्तान मैच देखने के लिए मौजूद रहेंगे, जहां उन्हें उम्मीद है कि बीसीसीआई के साथ पिछले कुछ हफ्तों में बने तनाव को कम करने का मौका मिलेगा। भारत की ओर से बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास, सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की उपस्थिति की संभावना है।

बांग्लादेश के अखबार 'प्रथम आलो' से बातचीत में इस्लाम ने कहा कि इस हाई-प्रोफाइल मैच के लिए निमंत्रण आईसीसी की ओर से आया है। उन्होंने कहा, "आईसीसी ने यह फैसला लिया है। आईसीसी के प्रमुख हितधारक ये पांच एशियाई देश हैं और 15 तारीख को होने वाले भारत-पाकिस्तान विश्व कप मैच के लिए वे चाहते हैं कि इन पांचों देशों के प्रतिनिधि मैदान पर एक साथ मौजूद रहें, मैच देखें और आपस में बातचीत करें।"

उस्मान तारिक पर भारत की नजर

मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती दो मैचों बल्लेबाजी के लड़खड़ाने की बात को स्वीकार करते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उम्मीद जताई कि उनके बल्लेबाज पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की अलग तरह के एक्शन से होने वाली गेंदबाजी का तोड़ निकाल लेंगे।

उन्होंने तारिक की गेंदबाजी को परीक्षा के सिलेबस के बाहर का सवाल जैसा बताया। सूर्यकुमार यादव ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले की पूर्व संध्या पर कहा, "देखिए, कभी-कभी परीक्षा में भी सिलेबस से बाहर का सवाल आ जाता है। लेकिन उसे छोड़ नहीं सकते। उससे निपटने के लिए अपना तरीका अपनाना पड़ता है। हां, वह अलग तरह के गेंदबाज हैं।"

कप्तान ने कहा, "हम हालांकि समर्पण नहीं कर सकते। हम नेट सत्र में ऐसे ही एक्शन वाले गेंदबाजों के खिलाफ अभ्यास करते हैं। जो अभ्यास किया है, उसे मैच में लागू करने की कोशिश करेंगे।" भारत को अमेरिका के खिलाफ 77 रन पर छह विकेट गंवाने पड़े थे। जबकि नामीबिया ने आखिरी ओवरों में चार रन के भीतर पांच विकेट लेकर बल्लेबाजी की कमजोरियों को उजागर किया था।

भारतीय बल्लेबाजों के सामने रविवार को प्रेमदासा की धीमी पिच पर पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण की परीक्षा होगी। इसकी अगुवाई तारिक करेंगे। उनके अनोखे 'पॉज एंड डिलीवर' एक्शन को लेकर क्रिकेट जगत में वैधता पर बहस भी छिड़ी हुई है।

ये भी पढ़ें- Cabinet Decision: नोएडा मेट्रो का होगा विस्तार! केंद्र ने ₹2,254 करोड़ के प्रोजेक्ट को दी मंजूरी, 'एक्वा लाइन' में 8 स्टेशन होंगे शामिल

सूर्यकुमार ने कहा, "हमारी शुरुआत थोड़ी अस्थिर रही। यह सच है कि वह टी20 के लिए आदर्श पिच नहीं थी, लेकिन कोई बहाना नहीं है। हम मजबूती से वापसी करने में सफल रहे। यही टी20 क्रिकेट की खूबसूरती है। एक-दो बल्लेबाज जिम्मेदारी लें तो मैच का रुख बदल सकता है।" उन्होंने माना कि पाकिस्तान के स्पिनर टीम को चुनौती देंगे और पाकिस्तान के खिलाफ मैच बड़े पलों को संभालने और दबाव पर काबू पाने का खेल होता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।