IND vs PAK: भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के कोलंबो में रविवार (15 फरवरी) को खेले गए महामुकाबले में पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। पड़ोसी देश को धूल चटाने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इससे साफ है कि टीम इंडिया पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले मासूम नागरिकों के परिवार के दर्द को भूली नहीं है। इस बीच, खबर है कि पाकिस्तान को मात देने के बाद भारतीय खिलाड़ी कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव आपस में बहस करते देखे गए।
खासकर हार्दिक पांड्या के कुलदीप यादव से भिड़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। भारत-पाक मैच खत्म होने के बाद जहां पूरी टीम जश्न मना रही थी। वहीं, टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और स्पिनर कुलदीप यादव के बीच क्रिकेट के मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली। इसे देखकर कप्तान सूर्यकुमार यादव भी खुश नजर नहीं आए।
मैच खत्म होने के बाद जब टीम इंडिया के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिला रहे थे उस वक्त कप्तान सूर्यकुमार भी कुलदीप को एक कैच छोड़ने के लिए कथित तौर पर डांटते हुए नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा विवाद पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर के दौरान शुरू हुआ। इस दौरान हार्दिक पंड्या गेंदबाजी कर रहे थे। उनके सामने पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी थे। ओवर की दूसरी गेंद पर हार्दिक पांड्यू ने एक शॉर्ट-पिच गेंद फेंकी।
इस पर शाहीन ने पुल शॉट खेला। लेकिन कुलदीप यादव ने एक आसान सा कैच टपका दिया। इतना ही नहीं, गेंद उनके हाथ से छिटक कर बाउंड्री के बाहर 6 रन के लिए चली गई। इस गलती से हार्दिक काफी नाराज दिखे।
झड़प के बाद पंड्या और कुलदीप के बीच गुस्से में बहस के वीडियो ने सोशल मीडिया पर थोड़ी चर्चा पैदा कर दी। यह तब हुआ जब भारतीय खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे। इतना ही नहीं, सूर्यकुमार यादव भी गुस्से में रिएक्ट करते दिखे। यह पूरी घटना एक वीडियो में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह समेत बाकि भारतीय खिलाड़ी हार्दिक पांड्या को शांत करने की कोशिश की। खिलाड़ियों को डर था कि इस ऐतिहासिक जीत के माहौल में उनके बीच कोई विवाद ज्यादा न बढ़े। इस दौरान कुलदीप के चेहरे पर मायूसी और उदासी साफ झलक रही थी। अब तीनों खिलाड़ियों के फैंस सोशल मीडिया पर एक दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं।