VIDEO: रोहित शर्मा ने वसीम अकरम को लगाया गले, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने सलमान के साथ नहीं मिलाया हाथ

India-Pakistan Clash: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। टीम इंडिया ने 61 रन से इस मैच को जीत टी20 वर्ल्ड कप में पाक के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। मैच से पहले रोहित शर्मा और वसीम अकरम के बीच कुछ ऐसा हुआ जिसने भारत और पाकिस्तान के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया

अपडेटेड Feb 16, 2026 पर 11:05 AM
Story continues below Advertisement
India-Pakistan Clash: पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम से गर्मजोशी से गले मिलते दिखे रोहित शर्मा

India-Pakistan Clash: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप मैच के टॉस के दौरान अपने पाकिस्तानी समकक्ष सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। भारतीय कप्तान पिछले साल दुबई में एशिया कप के बाद से चली आ रही नीति पर कायम रहे। इस बीच, भारत के स्टार बैट्समैन रोहित शर्मा कोलंबो में मैच से पहले पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम को गले लगाते हुए देखे गए। मैच से पहले की सेरेमनी के दौरान दोनों को गले मिलते, हाथ मिलाते और थोड़ी देर बात करते हुए देखा गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

इस वीडियो ने भारत और पाकिस्तान के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ICC ने ब्रैंड एंबेसडर घोषित किया है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम आईसीसी की कमेंट्री टीम में शामिल हैं। भारत-पाकिस्तान मैच से पहले आईसीसी ने रोहित और अकरम को टी20 ट्रॉफी ले जाने की जिम्मेदारी दी थी। इस दौरान रोहित और वसीम अकरम एक-दूसरे को गले लगाते और हाथ मिलाते नजर आए।

भारत और पाकिस्तान क्रिकेट के इन दोनों दिग्गजों को एक दूसरे से गले मिलते और हाथ मिलाते देखना दोनों देशों के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए सुकून भरा पल था। रोहित शर्मा को मैच से पहले भारतीय टीम के खिलाड़ियों से मिलते और उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हुए देखा गया था। वहीं, मैच के दौरान वह ICC के चेयरमैन जय शाह के साथ बैठे हुए नजर आए। रोहित शर्मा भारतीय टीम के सफलतम कप्तानों में से एक रहे हैं।


मैच खत्म होने के बाद भी भारत-पाकिस्तान दोनों टीमों के खिलाड़ियों और सहायक स्टाफ के बीच भी हाथ नहीं मिलाया जाएगा। सूर्यकुमार ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के सम्मान और 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारतीय सेना के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए यह नीति अपनाई है।

यह बात तब साफ हो गई थी जब सूर्यकुमार और सलमान में से किसी ने भी हाथ मिलाने का वादा नहीं किया था। जबकि पाकिस्तान के कप्तान ने कहा कि वह क्रिकेट की भावना को बनाए रखना चाहेंगे। अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले की कड़वी यादें अब भी भारतीय टीम के मन में ताजा हैं। दुबई में टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस में सूर्यकुमार के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से हाथ मिलाने के बाद भारी विरोध हुआ था।

सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के तूफानी अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान पर 61 रन की एकतरफा जीत के साथ सुपर आठ चरण के लिए क्वालीफाई किया।

भारत के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम हार्दिक पंड्या (16 रन पर दो विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन पर दो विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन पर दो विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।

ये भी पढ़ें- IND vs PAK: पाकिस्तान की शर्मनाक हार से पहले ही मुंह छिपाकर भागे ट्रॉफी चोर मोहसिन नकवी, कोलंबो में भी होना पड़ा शर्मिंदा

पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान (44) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। उनके अलावा सिर्फ शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 23) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। टी20 वर्ल्ड कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 9 मैचों में आठवीं जीत है। जबकि उसे सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।