T20 World Cup 2026 Pakistan News: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा कदम उठा सकता है। यह कार्रवाई पाकिस्तान सरकार के भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार करने के फैसले के बाद की जा सकती है। इसमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आगामी सत्र से टीम पर प्रतिबंध लगाया जाना भी शामिल है। अन्य सजा में शीर्ष सदस्य देशों का पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार करना, भारी वित्तीय जुर्माना और साथ ही पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ियों के हिस्सा लेने पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश के बाहर होने के फैसले का साथ देते हुए 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ अपना ग्रुप लीग मैच नहीं खेलने का फैसला किया है। पाकिस्तान अगर अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो उसे करोड़ों डॉलर के नुकसान का जोखिम उठाना पड़ेगा।
वर्ल्ड कप से हो सकता है बाहर!
ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप स्टेज पाकिस्तान के लिए मुश्किल लग रहा है। 2009 की चैंपियन टीम पाकिस्तान ग्रुप A में नीदरलैंड्स (7 फरवरी) और USA (10 फरवरी) के खिलाफ अपने पहले दो मैच खेलने वाली है। हाल ही में हुए उलटफेर में USA ने सुपर ओवर में पाकिस्तान को हराया था। इससे साफ पता चलता है कि कमजोर टीमों के खिलाफ पाकिस्तान की कमजोरी अभी भी बनी हुई है।
इसके अलावा, नीदरलैंड्स ने T20 वर्ल्ड कप 2022 में साउथ अफ्रीका को हराकर खुद को डार्क हॉर्स साबित किया था। जबकि उन्होंने 2009 में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को भी हराया था। ग्रुप A में भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया की टीमें शामिल हैं। हर ग्रुप से दो टीमें सुपर 8 में एंट्री करेंगी।
ऐसे में पाकिस्तान के लिए नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ मुकाबले शुरू से ही नॉकआउट जैसे हो गए हैं। इसके अलावा कोलंबो का मौसम भी पाकिस्तान को बड़ी टेंशन दे रहा है। भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच से बाहर होने का फैसला पाकिस्तान के नेट रन रेट के लिए नुकसानदायक साबित होगा। ऐसे में आशंका है कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से पहले दौर से ही बाहर हो सकता है।
पाकिस्तान को होगा भारी वित्तीय नुकसान
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) अगर 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार करने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को दंडित करने का फैसला करता है तो उसे भारी वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। आईसीसी के फाइनेंशियल साइकिल 2024-27 में पाकिस्तान का हिस्सा लगभग 144 मिलियन डॉलर (14.4 करोड़ डॉलर) है। इसमें पीसीबी को सालाना 38 मिलियन डॉलर (3.8 करोड़ डॉलर) दी जाती है।
एक अंदरूनी सूत्र ने कहा, "असल में अगर आईसीसी भारत के साथ मैच नहीं खेलने के लिए पाकिस्तान को दंडित करने का फैसला करता है तो पीसीबी को आर्थिक रूप से बड़ा झटका लग सकता है क्योंकि मौजूदा फाइनेंशियल साइकिल में आईसीसी का हिस्सा लगभग 40 बिलियन पाकिस्तानी रुपया है।"
सूत्रों ने कहा कि इन 40 बिलियन पाकिस्तानी रुपये की वजह से पीसीबी आर्थिक रूप से मजबूत बना हुआ है। लेकिन अगर उसे झटका लगता है तो इसका मतलब पाकिस्तान क्रिकेट के लिए वित्तीय चुनौतियां होंगी। उन्होंने पुष्टि की है कि पाकिस्तान को 2024 टी20 वर्ल्ड कप और पिछले साल की चैंपियंस ट्रॉफी के लिए आईसीसी से पहले ही काफी हिस्सा मिल चुका है।