Bangladesh Cricketers: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) द्वारा विवादास्पद निदेशक एम नजमुल इस्लाम को सभी जिम्मेदारियों से हटाने के कुछ ही दिनों बाद वित्त विभाग के प्रमुख के रूप में उनको बहाल करने को लेकर बांग्लादेश के क्रिकेटर 'क्रिकेट को बचाने' की गुहार लगा रहे हैं। 'द डेली स्टार' के मुताबिक, बांग्लादेश के क्रिकेटरों में असहायता की भावना घर कर गई है। वे इस्लाम को बर्खास्त करने के लिए बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के दौरान हड़ताल पर चले गए थे।
नजमुल ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की यात्रा करने से इनकार करने पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के साथ बीसीबी के गतिरोध के दौरान कई उत्तेजक टिप्पणियां की थीं। जब महान बल्लेबाज तमीम इकबाल ने राजनयिक चैनल खुले रखने और सौहार्दपूर्ण समाधान खोजने की कोशिश करने की बात कही, तो नजमुल ने उन्हें भारत का 'एजेंट' करार दिया।
बाद में, जब बांग्लादेश के वर्ष के सबसे बड़े टूर्नामेंट में भाग नहीं लेने के वित्तीय नतीजों के बारे में पूछा गया तो इस्लाम ने कहा कि बीसीबी को कोई नुकसान नहीं होगा। जबकि खिलाड़ियों को मुआवजा नहीं दिया जाएगा क्योंकि वे इसके लायक नहीं थे।
बीसीबी ने खुद को बयान से अलग कर लिया था, इस्लाम को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। साथ ही विरोध करने वाले खिलाड़ियों के साथ घंटों चर्चा की व्यवस्था की थी। बीपीएल बहिष्कार और नजमुल के निलंबन के एक दिन बाद, सामान्य स्थिति बहाल हो गई। हालांकि खिलाड़ियों ने, अपने संघ के माध्यम से अभी भी माफी की मांग की।
बांग्लादेश वर्ल्ड कप 2026 से बाहर
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश को आगामी टी20 विश्व कप से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया था। आईसीसी ने कहा कि यह मुश्किल फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि टूर्नामेंट से ठीक पहले बीसीबी की अपने मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने का अनुरोध मानना मुमकिन नहीं था।
ICC ने कहा कि भारत में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम, अधिकारियों या समर्थकों को कोई प्रमाणित सुरक्षा खतरा नहीं था। टूर्नामेंट के निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव करना सही नहीं था। स्कॉटलैंड के शामिल होने से एक महीने से चल रहा असंमजस खत्म हो गया क्योंकि बीसीबी लगातार जोर दे रहा था कि उनके मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं। यहां तक कि उसने अपने ग्रुप को आयरलैंड के साथ बदलने का भी सुझाव दिया था।
आईसीसी बोर्ड की बैठक में बांग्लादेश के खिलाफ 14-2 के भारी बहुमत से फैसला हुआ कि उसे अपने मुकाबले खेलने के लिए भारत जाना चाहिए। पता चला है कि चेयरमैन जय शाह सहित आईसीसी के वरिष्ठ अधिकारी शुक्रवार को दुबई में मौजूद थे। इसी दिन देर शाम बीसीबी अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम बुलबुल को एक ईमेल भेजकर वैश्विक संस्था के फैसले से अवगत कराया गया।
आईसीसी ने बीसीबी को अपना रुख बदलने के लिए 24 घंटे की समय सीमा दी थी। लेकिन आसिफ नजरुल के अड़े रहने के कारण क्रिकेट के दीवाने इस देश की टी20 विश्व कप खेलने की उम्मीदें खत्म हो गईं। ICC के अनुसार, स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह ग्रुप सी में शामिल किया गया है, जहां वे इंग्लैंड, इटली, नेपाल और वेस्ट इंडीज के साथ खेलेंगे।
आईसीसी ने प्रतिभागी सदस्य देशों को भी बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटाए जाने के बारे में सूचित कर दिया है। बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल ने आईसीसी की ओर से बार बार सुरक्षा आश्वासन दिए जाने के बावजूद भारत यात्रा के खिलाफ सलाह दी थी।