आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक खेला जाएगा। इस बड़े टूर्नामेंट का आयोजन भारत और श्रीलंका में किया जा रहा है। वहीं वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश बोर्ड ने सुरक्षा कारणों के वजह से भारत आने से मना कर दिया है। वहीं बांग्लादेश बोर्ड ने आईसीसी से बांग्लादेश के मैच भारत के बाहर श्रीलंका में कराने की मांग की है। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ मीटिंग करके जल्द ही इस मामले पर कोई फैसला करेगी।
बांग्लादेश को लीग स्टेज में भारत में चार मैच खेलने हैं। इनमें से तीन मैच कोलकाता में होंगे, जिसमें 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ, 9 फरवरी को इटली के खिलाफ और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ। वहीं चौथा मुकाबला 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ खेला जाएगा।
ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल मंगलवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से इस मुद्दे पर बातचीत करेगी। माना जा रहा है कि ICC बांग्लादेश बोर्ड से टी20 वर्ल्ड कप के लीग स्टेज मैचों के लिए अपनी टीम भारत भेजने का अनुरोध कर सकती है। दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया है।
ICC ने अभी तक नहीं दिया कोई बयान
बांग्लादेश सरकार की ओर से अब तक कोई ट्रैवल एडवाइजरी जारी नहीं की गई है और न ही भारतीय यात्रा या भारत में रहने को लेकर अपने नागरिकों पर कोई पाबंदी लगाई गई है। वहीं इस पूरे मामले पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस बीच ICC के चेयरमैन जय शाह हाल ही में मुंबई स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के हेड ऑफिस पहुंचे थे, जहां इस मुद्दे पर आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई।
इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 4 जनवरी को एक बयान जारी कर बताया था कि उसने बांग्लादेश सरकार की सलाह के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत आने से इनकार किया है। बोर्ड ने ये भी अनुरोध किया था कि उसके मैच भारत के बाहर कराए जाएं। यह फैसला ऐसे समय में सामने आया, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था।