IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म हो गई। अब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगा। इस मैच ऑस्ट्रेलिया की टक्कर भारत की यंग ब्रिगेड से होगी। एशिया कप में भारत के अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। ऑस्ट्रेलिया के लिए अभिषेक को रोकना आसान नहीं होगा। वहीं इस सीरीज में जोश हेजलवुड और अभिषेक शर्मा के बीच टक्कर देखना काफी मजेदार होगा। भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच अभिषेक नायर ने इस सीरीज में अभिषेक शर्मा और जोश हेजलवुड के टक्कर को लेकर बड़ा बयान दिया है।
नायर के कहा, जोश हेजलवुड ने वनडे सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया हो, लेकिन T20 सीरीज में उन्हें अभिषेक शर्मा को रोकना आसान नहीं होगा। जब अभिषेक फॉर्म में होते हैं तो उन्हें रोक पाना बहुत मुश्किल होता है।
कैनबरा में मैच से पहले ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए अभिषेक नायर कहा, “अगर अभिषेक शर्मा फॉर्म में आ गए, तो हेजलवुड की लय बिगड़ सकती है। अभिषेक अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और अक्सर पहली ही गेंद पर चौका या छक्का लगाते हैं। अगर कोई बल्लेबाज पावरप्ले में दबदबा बना लेता है, तो उसका असर पूरी पारी पर पड़ता है। यही अभिषेक की खासियत है। अगर वह शुरुआती छह ओवर तक टिके रहे, तो भारत 60 से 80 रन तक बना सकता है। इससे उनके साथी बल्लेबाजों पर दबाव कम होगा और विपक्षी टीम पर दबाव बढ़ जाएगा।”
बेहतरीन फॉर्म में हैं हेडलवुड
ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड इस समय बेहतरीन फॉर्म में है। वनडे सीरीज के तीनों मैचों में जोश हेजलवुड ने भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। पर्थ और एडिलेड की पिचों पर उन्हें अच्छी उछाल मिली, जिससे भारत के टॉप ऑर्डर को खेलने में मुश्किल हुई थी। नायर का मानना है कि भारत और यूएई में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद अभिषेक शर्मा अब ऑस्ट्रेलिया में भी अच्छा खेलने को तैयार हैं, हालांकि हेजलवुड का सामना उनके लिए एक बड़ी चुनौती होगी।
अभिषेक के पास बेहतरीन मौका
नायर ने आगे कहा, “यह अभिषेक शर्मा के लिए एक बड़ी परीक्षा होगी, खासकर हेजलवुड जैसे गेंदबाज के खिलाफ, जो इस समय शानदार लय में हैं और अतिरिक्त उछाल भी हासिल कर रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि अभिषेक ने IPL और दक्षिण अफ्रीका में खेलकर अच्छा एक्सपीरिएंस जुटा लिया है।” उन्होंने आगे कहा, “अभिषेक का माइंडसेट बहुत निडर है और वे ऑस्ट्रेलिया में अपना नाम बनाना चाहता है। ये उसके लिए बेहतरीन मौका है, क्योंकि यहां अच्छा प्रदर्शन करना वाकई गर्व की बात होती है। जितना मैं उसे जानता हूं, वह इस सीरीज में खुद को साबित करने की पूरी कोशिश करेगा।” भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी20 मुकाबला 29 अक्टूबर बुधवार को खेला जाएगा।