IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। इस मैच में भारत का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से मात दी। 5 मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की टीम 1-0 की बढ़त बना ली है। इससे पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कैनबरा में खेला गया पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया था। वहीं दूसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा ने मुश्किल समय में एक साथ मिलकर अच्छी पार्टनरशिप की। वहीं दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 56 रन की पार्टनरशिप की है।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में अभिषेक शर्मा ने हर्षित राणा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि हर्षित ने दबाव के बावजूद शांत रहकर समझदारी से बल्लेबाजी की और टीम की स्थिति के अनुसार खुद को ढाला। इसके साथ ही भारत की बैटिंग पर भी बात की।
अभिषेक ने की हर्षित की तारीफ
अभिषेक ने कहा, "मुझे पहले से पता था कि हर्षित राणा अच्छी बैटिंग कर सकता है, वह नेट्स में मुझे खूब बड़े शॉट मारता है। उसने मुझसे कहा कि हम थोड़े संयम से खेलते हैं और इससे हमें फायदा मिला। हमारा राइट-लेफ्ट कॉम्बिनेशन भी टीम के लिए सही रहा, इसलिए उसे शिवम दुबे से पहले बल्लेबाजी करने भेजा गया।" इसके साथ ही अभिषेक शर्मा ने माना कि मेलबर्न में भारत की युवा बल्लेबाजी ऑस्ट्रेलिया की तेज और उछालभरी गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई। अभिषेक भी ऑस्ट्रेलिया में अपनी पहली इंटरनेशनल सीरीज खेल रहे हैं।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने की बेहतरीन गेंदबाजी
अभिषेक शर्मा ने कहा, "चुनौती ये है कि मेरे समेत कई खिलाड़ी पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आए हैं। हमें यहां की तेज पिच, अतिरिक्त उछाल और गति के बारे में पता था, लेकिन फिर भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने जिस तरह गेंदबाजी की, उसने हमें चौंका दिया। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज अपनी लाइन और लेंथ पर बहुत अनुशासित रहे और इसका श्रेय उन्हें ही जाता है।" उन्होंने कहा कि टीम की योजना तेज शुरुआत करने की थी, लेकिन जल्दी विकेट गिरने के कारण उन्हें रणनीति बदलकर संभलकर खेलना पड़ा।
अभिषेक ने कहा, “हमारी योजना शुरुआत से ही आक्रामक खेलने की थी, लेकिन हालात उम्मीद से अलग निकले। जब लगातार विकेट गिरने लगते हैं, तो चाहे कोई भी बल्लेबाज हो, उसे टीम के लिए संभलकर खेलना पड़ता है।” उन्होंने आगे कहा, “पिच भी आसान नहीं थी, शॉट लगाना काफी मुश्किल हो रहा था।” अब भारत रविवार, 2 नवंबर को होबार्ट के बेलेरिव ओवल में सीरीज का तीसरा T20 मैच खेलेगा।
तिलक वर्मा ने शानदार कैच तो पकड़ा, लेकिन बल्लेबाजी में वह बिना रन बनाए जल्दी आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए भारत के टॉप बल्लेबाजों को शुरुआत में ही आउट कर दिया। उनकी 3 विकेट की किफायती गेंदबाजी और 15 डॉट गेंदों ने भारतीय टीम को दबाव में डाल दिया। ऑस्ट्रेलिया ने ये मैच चार विकेट से आसानी से जीत लिया। भारत की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। भारत की पूरी टीम 18.4 ओवर में 125 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 126 रन का टारगेट दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 13.2 ओवर में 6 विकेट खोकर आसानी से 126 के टारगेट को हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से हराया।