ENG vs IND 2nd Test: बुमराह की जगह टीम में होगी इस जादूगर गेंदबाज की एंट्री, इंग्लैंड के खिलाफ ऐसी होगी भारत की स्ट्रेटजी

ENG vs IND 2nd Test: जसप्रीत बुमराह के दूसरे टेस्ट मैच में खेलने को लेकर अब भी स्थिति साफ नहीं है। पहले आई रिपोर्टों में कहा गया था कि बुमराह को इस मैच में आराम दिया जा सकता है और वे तीसरे टेस्ट में वापसी कर सकते हैं। ये फैसला उनके वर्क लोड मैनेजमेंट को देखते हुए लिया गया था

अपडेटेड Jun 30, 2025 पर 10:57 PM
Story continues below Advertisement
ENG vs IND 2nd Test: 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान इंग्लैंड 1-0 से आगे हैं।

ENG vs IND 2nd Test:  पहला मैच जीतने के बाद 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान इंग्लैंड 1-0 से आगे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम दूसरे टेस्ट को जीतकर इसे 1-1 से बराबर करना चाहेगी। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच 2 से 6 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर भारत कभी कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है। वहीं मैच से पहले मंगलवार को भारत के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने टीम इंडिया की संभावित रणनीति और बदलावों को लेकर अहम जानकारी दी। टीम बर्मिंघम टेस्ट में नए कॉम्बिनेशन के साथ उतर सकती है।

बुमराह को लेकर आई बड़ा जानकारी

टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोशेट ने कहा, “हाँ, बुमराह खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जैसा कि मैंने पहले भी कहा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि हम बाकी चार टेस्ट मैचों को कैसे मैनेज करना चाहते हैं। अगर हमें लगता है कि इस टेस्ट में उनका खेलना जरूरी है, तो हम आखिरी समय में फैसला लेंगे। हम इस बात पर भी विचार कर रहे हैं कि पिच कैसी होगी और क्या हमें उन्हें लॉर्ड्स, मैनचेस्टर या ओवल जैसे अहम मुकाबलों के लिए बचाकर रखना चाहिए। ये सब चीजें हमारे फैसले को प्रभावित करेंगी।


आपने उन्हें ट्रेनिंग करते देखा है, उन्होंने कल भी प्रैक्टिस किया और आज भी थोड़ा प्रैक्टिस किया। इसका मतलब यह नहीं है कि वह फिट नहीं हैं। वह पूरी तरह फिट हैं। बात सिर्फ यह है कि हम उन्हें सही समय पर मैदान पर उतारकर उनके प्रदर्शन से ज़्यादा से ज़्यादा फायदा उठाना चाहते हैं। यह एक रणनीतिक निर्णय है, जिसमें कई पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।”

बुमराह होगें टीम की हिस्सा?

जसप्रीत बुमराह के दूसरे टेस्ट मैच में खेलने को लेकर अब भी स्थिति साफ नहीं है। पहले आई रिपोर्टों में कहा गया था कि बुमराह को इस मैच में आराम दिया जा सकता है और वे तीसरे टेस्ट में वापसी कर सकते हैं। ये फैसला उनके वर्क लोड मैनेजमेंट को देखते हुए लिया गया था। बता दें कि बुमराह ने लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में शानदार गेंदबाज़ी करते हुए भारत के लिए पांच विकेट झटके थे, जिससे टीम को छह रन की मामूली बढ़त मिली थी। हालांकि, दूसरी पारी में वे कोई विकेट नहीं ले सके और इंग्लैंड ने 371 रनों का लक्ष्य हासिल कर मैच पांच विकेट से जीत लिया।

टीम चयन के समय यह पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि बुमराह पूरे पांच टेस्ट नहीं खेलेंगे। उन्हें सिर्फ चार मुकाबलों में उतारा जाएगा। कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर ने भी यह कहा था कि बुमराह को कौन से मैचों में खिलाना है, इसका फैसला बाद में किया जाएगा। गुरुवार को एक नई रिपोर्ट सामने आई, जिसमें बताया गया कि बुमराह को दूसरे टेस्ट से बाहर रखा जा सकता है।

इस खिलाड़ी की होगी एंट्री

पिछले मैच में शार्दुल ठाकुर का प्रदर्शन गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावशाली नहीं रहा। ऐसे में अब उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है और उनकी जगह ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किए जाने की संभावना है। बर्मिंघम की पिच इस पर भारतीय टीम दो स्पिनरों को मौका दे सकती है। रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर — इन तीनों में से दो को खिलाने की योजना बन रही है। पहले टेस्ट में रवींद्र जडेजा को एकमात्र स्पिनर के रूप में टीम में शामिल किया गया था। कोच रायन टेन डोशेट ने कुलदीप यादव की नेट बॉलिंग की सराहना करते हुए कहा कि वे बेहतरीन लय में हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।