IND vs ENG 2nd Test: टीम इंडिया इस समय इंग्लैंड दौरे पर है और इस दौरे पर भारत की यंग ब्रिगेड से कमाल की बल्लेबाजी देखने को मिल रही है। भारतीय बल्लेबाजों ने अब तक खेले गए दोनों मैचों में रनों का अंबार लगा दिया है। वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल के बल्ले से तो इंग्लैंड की पूरी टीम खौफ खाने लगी है। एजबेस्टन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में मिलाकर गिल ने 400 से ज्यादा रन बना दिए हैं। गिल ने पहली पारी में 387 गेंदों में 269 रन बनाए थे, जिसमें 30 चौके और तीन छक्के लगाए थे वहीं दूसरी पारी में 161 रन की पारी खेली। अपनी शानदार पारियों के बदौलत गिल इतिहास रचने के करीब हैं।
अबतक नहीं टूट पाया है डॉन ब्रैडमैन का ये रिकॉर्ड
बता दें कि टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में अब तक 82 बार ऐसा हुआ है जब किसी बल्लेबाज़ ने किसी एक सीरीज़ में 600 या उससे ज्यादा रन बनाए हों। इस कारनामा को डॉन ब्रैडमैन ने 6 बार हालिस किया है। ब्रैडमैन ने 1930 की एशेज सीरीज में इंग्लैंड में खेलते हुए 974 रन बनाए थे, जो आज तक कोई भी बल्लेबाज़ नहीं तोड़ सका है। भारत की ओर से यह रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है। उन्होंने 1970-71 में वेस्टइंडीज दौरे पर अपनी पहली ही टेस्ट सीरीज में 774 रन बनाए थे, जो अब तक एक भारतीय बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
भारत ने इंग्लैंड में पहला टेस्ट मैच आज़ादी से करीब 15 साल पहले, यानी 93 साल पहले खेला था। अब तक सिर्फ एक ही भारतीय बल्लेबाज़ ऐसा कर पाया है जिसने इंग्लैंड में किसी एक सीरीज़ में 600 से ज़्यादा रन बनाए हों। यह रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम है, जिन्होंने 2002 की सीरीज़ में सिर्फ़ छह पारियों में यह कारनामा किया था। विराट कोहली भी इस रिकॉर्ड के काफी करीब पहुंचे थे। उन्होंने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 593 रन बनाए थे।
इस दौरे की शुरुआत में ये सवाल उठाया जा रहा था कि क्या गिल टीम में जगह पाने के हकदार हैं। गिल के नाम इंग्लैंड में सौरव गांगुली जितने टेस्ट शतक हो गए हैं और वे दिलीप वेंगसरकर और सचिन तेंदुलकर से सिर्फ एक शतक पीछे हैं। फिलहाल इंग्लैंड में भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सिर्फ राहुल द्रविड़ (छह शतक) ही उनसे आगे हैं।
गिल और "होली ग्रेल" रिकॉर्ड
वहीं मौजूदा सीरीज की सिर्फ चार पारियों में ही शुभमन गिल बड़े रिकॉर्ड्स के करीब पहुंच गए हैं। अब तक उन्होंने 147, 8, 269 और 161 रन बनाए हैं और इस दौरान उन्होंने बेहद संयम और क्लास के साथ बल्लेबाजी की है। अगर पिछली भारत-इंग्लैंड सीरीज यशस्वी जायसवाल के नाम रही थी, जिन्होंने पांच टेस्ट में 712 रन बनाए थे, तो मौजूदा सीरीज अब तेजी से गिल के नाम होती दिख रही है। लेकिन बात सिर्फ भारतीय रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है। सुनील गावस्कर का इंग्लैंड में एक सीरीज में 774 रन का रिकॉर्ड भी अब गिल की पहुंच में दिख रहा है। अगर लॉर्ड्स, ओल्ड ट्रैफर्ड और ओवल की पिचें भी एजबेस्टन की तरह बल्लेबाजों के लिए मददगार रहीं, तो डॉन ब्रैडमैन के ऐतिहासिक आंकड़े भी खतरे में पड़ सकते हैं। इसके अलावा एक और बड़ा रिकॉर्ड है, जिसे हासिल करना किसी "होली ग्रेल" की तरह माना जाता है और गिल की नजर अब उस पर भी टिक चुकी है।
टूटने के करीब ये कई रिकॉर्ड
डॉन ब्रैडमैन जैसे महान बल्लेबाज ने भी कभी किसी टेस्ट सीरीज में पांच शतक नहीं लगाए। उन्होंने तीन बार एक सीरीज में चार शतक जरूर बनाए थे। लेकिन वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज और "तीन डब्ल्यू" में से एक क्लाइड वॉल्कॉट ने 1955 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक कदम आगे बढ़ते हुए 10 पारियों में पांच शतक जड़े और 827 रन बनाए। पिछले 70 सालों में कई दिग्गज बल्लेबाजों ने यह रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश की, लेकिन कोई भी उसके आसपास नहीं पहुंच सका।