Rishabh Pant: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी कर रही है। वहीं मैच के दूसरे दिन भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत को लेकर बड़ी खबर आ रही है। ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन मैदान पर खेलने नहीं उतरे। बता दें ऋषभ पंत को मैच के पहले दिन उंगली में चोट लग गई थी।
पंत की जगह ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। बीसीसीआई ने बताया कि अभी मेडिकल टीम पंत की स्थिति पर नजर बनाए हुए है अभी ध्रुव जुरेल ही विकेटकीपिंग करेंगे।
दूसरे दिन की शुरुआत से कुछ मिनट पहले बीसीसीआई ने एक्स पर पोस्ट कर ऋषभ पंत की इंजरी के बारे में अपडेट दिया। बीसीसीआई ने बताया, "ऋषभ पंत अभी भी अपनी लेफ्ट इंडेक्स फिंगर की चोट से उबर रहे हैं। बोर्ड की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। ध्रुव जुरेल दूसरे दिन भी विकेटकीपिंग करते रहेंगे।"
पंत की जगह ध्रुव कर रहे विकेटकीपिंग
बता दें कि मैच के 34वें ओवर में जब जसप्रीत बुमराह की एक गेंद लेग साइड की ओर गई। ऋषभ पंत ने उसे रोकने के लिए डाइव लगाया। लेकिन गेंद उनके हाथ से निकल गई और इसी दौरान उनकी उंगली चोटिल हो गई। इसके बाद अगले ओवर यानी 35वें ओवर से ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने, पंत की जगह मैदान पर आए। गेंद रोकने के दौरान चोट लगने के बाद कुछ देर तक खेल रोका गया और भारतीय मेडिकल स्टाफ ने पंत के हाथ का इलाज किया, लेकिन चोट की वजह से पंत को बीच में जाना पड़ा।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने बेन डकेट और जैक क्रॉली के कैच पकड़कर इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में किसी एशियाई विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा 40 कैच लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पंत के नाम अब इंग्लैंड में 12 टेस्ट मैचों में कुल 40 कैच हो गए हैं। इससे उन्होंने कामरान अकमल (9 टेस्ट में 39 कैच) और एमएस धोनी (12 टेस्ट में 36 कैच) जैसे खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ दिया।