IND vs ENG: इंग्लैंड से पहला टेस्ट मैच हारने के बाद भारतीय टीम का पूरा फोकस अब अगला मैच जीतने पर है। जीत के बेहद करीब आकर हेडिंग्ले टेस्ट में हार मिलने के बाद टीम इंडिया को झटका लगा है और इसकी भरपाई करने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। लेकिन दूसरे टेस्ट की तैयारियों के बीच टीम इंडिया के लिए एक और बुरी खबर आई है। पहले टेस्ट में 5 विकेट लेने वाले टीम इंडिया के सुपरस्टार खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो सकते हैं। बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाना है।
भारतीय टीम इस मैच में वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत बुमराह को रेस्ट देने के मूड में है। भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले ही ये ऐलान कर दिया गया था कि बुमराह सिर्फ तीन मैच ही खेलेंगे। सीरीज का पहला टेस्ट हो चुका है और अब अगले टेस्ट में बुमराह को आराम दिये जाना लगभग तय नजर आ रहा है।
वर्कलोड को लेकर मैंनेजमेंट ले सकती है बड़ा फैसला
दरअसल, हाल ही में पीठ की चोट से उबरने के बाद बुमराह के पूरे पांचों टेस्ट खेलने की उम्मीद पहले से ही कम थी। उनके वर्कलोड को लेकर टीम मैनेजमेंट सतर्क है। टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी साफ किया था कि बुमराह अधिकतम तीन टेस्ट ही खेलेंगे। मंगलवार को लीड्स में भारत को मिली बड़ी हार ने स्थिति को और मुश्किल बना दिया है। भारत पांचवें दिन 371 रनों के लक्ष्य का बचाव नहीं कर सका और इंग्लैंड ने मुकाबला जीत लिया। इस हार के बाद कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में भारत पर दबाव बढ़ गया है।
लीड्स में किया था शानदार प्रदर्शन
NDTV की एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए तरोताजा रखना चाहती है, इसलिए वह 2 जुलाई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर रहेंगे। बुमराह को हेडिंग्ले टेस्ट की पहली पारी में शानदार 5 विकेट (5/83) मिले थे, जो उनके टेस्ट करियर का 14वां पारी में पांच विकेट हॉल था। हालांकि, टीम प्रबंधन उन्हें अगले मैच में आराम देने के पक्ष में है ताकि वो 10 से 14 जुलाई तक होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए पूरी तरह तैयार रह सकें।
इस गेंदबाज को मिल सकता है मौका
वहीं बुमराह के एजबेस्टन टेस्ट से बाहर होने की स्तिथि में टीम इंडिया युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को डेब्यू का मौका दे सकती है। अर्शदीप ने अभी तक टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन वह टी20 टीम में डेथ ओवरों के स्पेशलिस्ट माने जाते हैं और वनडे में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में उन्हें पहली बार टेस्ट कैप मिल सकती है। भारत की टीम अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने के इरादे से शार्दुल ठाकुर की जगह नितीश कुमार रेड्डी को शामिल कर सकती है, क्योंकि ठाकुर ने पहले टेस्ट में ना तो बल्ले से और ना ही गेंद से कोई खास प्रदर्शन किया था।