लॉर्ड्स में मिली हार का सबसे बड़ा विलेन...खराब बैटिंग नहीं बॉलिंग के समय ये गलती पड़ी टीम इंडिया पर सबसे भारी

Lord's Test Result : इंग्लैंड के दिए 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम आखिरी दिन सिर्फ 170 रन पर ऑलआउट हो गई और 22 रन से मैच हार गई। मुकाबले में भारत की शुरुआत ही खराब रही और टीम ने 82 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और करुण नायर जैसे बल्लेबाज़ कुछ खास नहीं कर पाए

अपडेटेड Jul 15, 2025 पर 3:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ENG vs IND 3rd Test: इंग्लैंड ने भारत को 22 रन से हरा दिया और इसके साथ ही सीरीज में 2-1 की बढ़त ले ली।

Lord's Test Result : 14 जुलाई 2025...अब एक ऐसी तारीख बन गई है, जिसने टीम इंडिया के करोड़ों फैंस का दिल तोड़ा। कहने को तो लॉर्ड्स टेस्ट में किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं थी। ऐसा मैच जिसमे टीम इंडिया ने दिल तो जीता पर आखिरी पड़ाव पर आकर मैच हार गई। लॉर्ड्स टेस्ट मैच के आखिरी दिन इंग्लैंड ने भारत को 22 रन से हरा दिया और इसके साथ ही सीरीज में 2-1 की बढ़त ले ली। पूरे 5 दिन चले इस मैच के आखिरी दिन टीम इंडिया को इंग्लैंड पर जीत के लिए 135 रन और बनाने थे लेकिन टॉप और मिडिल ऑर्डर की नाकामी ने उसे मुश्किल में डाल दिया।

इसके बाद रवींद्र जडेजा ने जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज टीम इंडिया को जीत के मुहाने तक पहुंचाया पर अंत में जीत इंग्लैंड के हाथों लगी। वहीं लॉर्ड्स में मिली हार के बाद भारतीय फैंस बेहद मायूस हैं और हार मैच के हार के कारणों को खोज रहे हैं।


टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर की नाकामी

बता दें कि इंग्लैंड के दिए 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम आखिरी दिन सिर्फ 170 रन पर ऑलआउट हो गई और 22 रन से मैच हार गई। मुकाबले में भारत की शुरुआत ही खराब रही और टीम ने 82 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और करुण नायर जैसे बल्लेबाज़ कुछ खास नहीं कर पाए। सिर्फ केएल राहुल ही टिके, जिन्होंने 39 रन बनाए, लेकिन बेन स्टोक्स की एक शानदार फील्डिंग ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया।

जडेजा-बुमराह और सिराज ने लड़ी लड़ाई

जब लगने लगा था कि भारत की हार तय है, तब रवींद्र जडेजा ने निचले क्रम के बल्लेबाज़ों के साथ मिलकर उम्मीदें फिर से जगाईं। जसप्रीत बुमराह ने 54 गेंदों तक डटकर बल्लेबाज़ी की और मोहम्मद सिराज ने भी 30 गेंदों तक संयम दिखाया। लेकिन आखिर में शोएब बशीर की एक गेंद सिराज के डिफेंस से निकलकर स्टंप्स से टकरा गई और बेल गिरते ही भारत की पारी खत्म हो गई। यह नजारा दिल तोड़ने वाला था, जिसे भारतीय क्रिकेट फैन्स शायद जल्द नहीं भूल पाएंगे।

मायूस फैंस खोज रहे हार के कारण

लॉर्ड्स टेस्ट में मिली हार के बाद फैंस निराश दिखे और कुछ ने हार की वजह तलाशनी शुरू कर दी। हालांकि रवींद्र जडेजा को 181 गेंदों में नाबाद 61 रन की शानदार और संयमित पारी के लिए काफी सराहना मिली, जिसने भारत को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें ही हार का जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया। प्लेटफॉर्म X पर इसको लेकर बहस भी छिड़ गई कि क्या जडेजा ने मौके का सही फायदा नहीं उठाया।

जडेजा पर भी उठ रहे हैं सवाल

जब कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि जडेजा ने आखिरी समय में बड़े शॉट क्यों नहीं लगाए, सिर्फ सिंगल लेकर स्ट्राइक क्यों बदलते रहे और पारी को तेजी क्यों नहीं दी, तो इसके जवाब में कई क्रिकेट प्रशंसकों ने उनका बचाव किया। सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि जडेजा अकेले टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकते थे, उन्होंने संयम और समझदारी से खेला। आलोचकों की कड़ी आलोचना करते हुए फैंस ने लिखा कि जडेजा की पारी ने ही भारत को उम्मीद के करीब पहुंचाया था।

एक यूजर ने लिखा, 'अगर जडेजा की आलोचना हो रही है तो इसमें हैरानी की बात नहीं है। लोग अक्सर अपना गुस्सा उन खिलाड़ियों पर निकालते हैं जिन्होंने उम्मीद जगाई और आखिरी तक लड़ाई लड़ी, बजाय उनके जो पहले ही हार मान चुके थे। इसलिए ये कोई नई बात नहीं है।' वहीं कुछ का मानना था कि अगर जडेजा एक भी बड़ा शॉट खेलते तो रन चेज आसान हो सकता था। वहीं, क्रिकेट फैंस ने भारत के टॉप ऑर्डर की भी आलोचना की। उनका कहना था कि शुरुआती बल्लेबाजों के डिफेंसिव रवैये की वजह से टीम दबाव में आ गई और विकेट जल्दी गिरते गए, जिससे जीत की उम्मीदें कमजोर पड़ गईं।

पंत का रन ऑउट बना मैच का टर्निंग प्वाइंट

मैच की पहली पारी में भारत की पहली पारी में ऋषभ पंत एक और शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 74 रन पर उनका रन आउट हो जाना टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। वह नॉन-स्ट्राइकर एंड पर क्रीज से बाहर थे, और बेन स्टोक्स के सीधे थ्रो से आउट हो गए। उस समय पिच पर केएल राहुल मौजूद थे। पंत के आउट होते ही भारत का स्कोर 376 से गिरकर 387 रन पर ऑलआउट हो गया।

केएल राहुल ने खोला ये राज

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केएल राहुल ने कहा, "लंच से कुछ ओवर पहले हमारी बातचीत हुई थी। मैंने उनसे मज़ाक में कहा था कि अगर हो सका तो लंच से पहले शतक पूरा कर लूंगा। बशीर का आखिरी ओवर फेंकने के बाद मुझे लगा कि यह अच्छा मौका है, लेकिन अफसोस, मेरी शॉट सीधे फील्डर के हाथों में चली गई और मैं आउट हो गया।" राहुल ने माना कि उस समय ऋषभ पंत का रन आउट होना मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। भारतीय टीम ने इंग्लैंड के 387 रन के जवाब में अच्छी शुरुआत की थी और एक वक्त 6 विकेट पर 376 रन तक पहुंच गई थी, लेकिन इसके बाद टीम बाकी 4 विकेट जल्दी गंवा बैठी और बढ़त हासिल करने का मौका गंवा दिया।

हार की सबसे बड़ी वजह!

लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की हार के बाद एक और मुद्दा चर्चा में रहा - एक्स्ट्रा रन। जहाँ इंग्लैंड ने पूरे मैच में 30 अतिरिक्त रन दिए, वहीं भारतीय टीम ने 63 रन एक्स्ट्रा दे डाले। क्योंकि यह मुकाबला सिर्फ़ 22 रनों से हारा गया, सोशल मीडिया पर लोगों ने इन एक्स्ट्रा रनों को "चुपचाप मैच हराने वाला" बताया। अब इंग्लैंड सीरीज़ में 2-1 से आगे है और अगला टेस्ट 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।