IND vs NZ: सीरीज पर कब्जे की जंग...भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी वनडे में होगी कांटे की टक्कर

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा। तीन मैचों की यह वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। न्यूजीलैंड की टीम के पास भारत में सीरीज जितने का अच्छा मौका है वहीं भारतीय टीम अपने घरेलू रिकॉर्ड को कायम रखना चाहेगी

अपडेटेड Jan 17, 2026 पर 7:14 PM
Story continues below Advertisement
दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज में अबतक दो मैच खेले जा चुके हैं। वडोदरा में खेले गए पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से जीत दर्ज की थी, वहीं राजकोट में खेले गए दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराया। अब रविवार 18 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जाने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे में भारत की टक्कर मजबूत इरादों वाली न्यूजीलैंड से होगी। ये मुकाबला घरेलू मैदान पर भारत की ताकत की असली परीक्षा बनेगा, क्योंकि तीन मैचों की यह वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। इसी मैच से विजेता टीम का फैसला होगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा। न्यूजीलैंड की टीम के पास भारत में सीरीज जितने का अच्छा मौका है वहीं भारतीय टीम अपने घरेलू रिकॉर्ड को कायम रखना चाहेगी

भारत के घरेलू रिकॉर्ड

भारत ने मार्च 2019 के बाद से अपने घरेलू मैदान पर कोई भी बाइलेटरल वनडे सीरीज नहीं गंवाई है। आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया ने 0-2 से पिछड़ने के बावजूद 3-2 से सीरीज जीत ली थी, जिसमें दिल्ली में खेला गया निर्णायक मुकाबला भी शामिल था। अब एक बार फिर यह रिकॉर्ड खतरे में नजर आ रहा है।


न्यूजीलैंड अब तक नहीं जीती कोई सीरीज

न्यूजीलैंड की टीम साल 1989 से भारत में बाइलेटरल वनडे सीरीज खेलने आ रही है, लेकिन अब तक यहां एक भी सीरीज नहीं जीत पाई है। मौजूदा हालात को देखते हुए यह उनके लिए उस लंबे इंतजार को खत्म करने का अच्छा मौका माना जा रहा है। वहीं भारत के हेड कोच गौतम गंभीर भी नहीं चाहेंगे कि उनके कार्यकाल में घरेलू मैदान पर एक और हार दर्ज हो। गंभीर के कोच रहते भारत को घर पर पांच टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, इसके अलावा श्रीलंका में भारत ने पहली बार एक वनडे सीरीज भी गंवाई है, जिससे इस मुकाबले की अहमियत और बढ़ गई है।

फैंस को रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद

इस सीरीज में सबसे ज्यादा नजर रोहित शर्मा पर रहेगी, क्योंकि उनका फॉर्म अभी उम्मीद के मुताबिक नहीं है। ओपनिंग में उनका आक्रामक खेल टीम की रणनीति का अहम हिस्सा है, लेकिन जल्दी आउट होने से दबाव बढ़ जाता है। वहीं विराट कोहली अब भी भारतीय वनडे बल्लेबाजी की मजबूत कड़ी हैं और पारी को संभालने का काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि सीनियर खिलाड़ियों का अगला बड़ा 50 ओवर का दौरा जुलाई में इंग्लैंड होगा, जहां फैंस फिर से रोहित–कोहली की जोड़ी से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।

IND vs NZ 3rd ODI: टीम इंडिया को गंदे पानी का डर! इंदौर में 3 लाख का वाटर प्यूरीफायर साथ लाए भारतीय कप्तान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।