IND vs NZ 3rd ODI: टीम इंडिया को गंदे पानी का डर! इंदौर में 3 लाख का वाटर प्यूरीफायर साथ लाए भारतीय कप्तान

भारत और न्यूजीलैंड की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर है। अब 18 जनवरी को इंदौर में होने वाला तीसरा मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा। वहीं इंदौर के कुछ इलाकों में पानी की गुणवत्ता खराब होने की खबरें सामने आई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल इंदौर दौरे पर अपने साथ एक खास वॉटर प्यूरिफिकेशन मशीन लेकर आए हैं

अपडेटेड Jan 17, 2026 पर 6:16 PM
Story continues below Advertisement
इसी वजह से खिलाड़ियों की सेहत और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है

IND vs NZ 3rd ODI:  भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। अब सबकी निगाहें इंदौर में खेले जाने वाले तीसरे और निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला ये तय करेगी की सीरीज कौन सी टीम अपने नाम करेगी। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा। वहीं ये मैच इस समय किसी और वजह से भी चर्चा में बना हुआ है। भारत का सबसे साफ शहर कहे जाने वाले इंदौर में हाल ही में कुछ इलाकों में पानी की गुणवत्ता खराब होने की खबरें सामने आई थीं। इन घटनाओं में कई लोगों की मौत के बाद स्थानीय प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ गई थी।

इसी वजह से खिलाड़ियों की सेहत और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी बीच खबर है कि टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल इंदौर दौरे पर अपने साथ करीब 3 लाख रुपये की एक खास वॉटर प्यूरिफिकेशन मशीन लेकर आए हैं।

प्यूरिफिकेशन मशीन लेकर आए गिल


मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, "भारत के वनडे कप्तान शुभमन गिल अपने साथ करीब 3 लाख रुपये की एक हाई-एंड वॉटर प्यूरिफिकेशन मशीन लेकर आए हैं। ये खास मशीन आरओ सिस्टम या पैकेज्ड बोतलबंद पानी से पहले से साफ किए गए पानी को दोबारा शुद्ध करने के लिए बनाई गई है। बताया जा रहा है कि ये मशीन उस फाइव-स्टार होटल के कमरे में लगाई गई है, जहां टीम इंडिया ठहरी हुई है।"

NDTV और Dainik Bhaskar की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि, "ये उपकरण सामान्य सिस्टम की तुलना में पानी को ज्यादा स्तर तक फिल्टर करता है। हालांकि, होटल स्टाफ को इस मशीन की तकनीक या इसके रोजाना इस्तेमाल से जुड़ी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।"

स्टेडियम में पर्याप्त सुविधाएं

भारतीय टीम के मीडिया मैनेजर ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और ये भी साफ नहीं किया कि यह कदम हाल में सामने आए पानी की गुणवत्ता से जुड़े मामलों के कारण उठाया गया है या फिर कप्तान की सामान्य स्वास्थ्य सावधानियों का हिस्सा है। बताया जा रहा है कि टीम के ठहरने वाले होटल और होलकर स्टेडियम, दोनों जगह पीने के साफ पानी के लिए आरओ प्लांट और सीलबंद बोतलबंद पानी जैसी पर्याप्त सुविधाएं पहले से मौजूद हैं।

टीम का माहौल पॉजिटिव

मैदान पर होने वाले निर्णायक मुकाबले को लेकर मोहम्मद सिराज ने टीम के नजरिए पर सकारात्मक बात कही। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया, "टीम का माहौल काफी अच्छा है और सीनियर खिलाड़ियों से लगातार बेहतर सुझाव मिल रहे हैं। सिराज ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा होती है, लेकिन ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत स्वस्थ है, खासकर तब जब टीम किसी बड़े टूर्नामेंट की तैयारी में जुटी हो।"

ICC U19 World Cup: भारत-बांग्लादेश के कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ, टॉस के वक्त गर्म हुआ माहौल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।