IND vs NZ Final: पीएम मोदी से लेकर विराट कोहली तक...टीम इंडिया के चैंपियन बनने पर दिग्गजों ने दी बधाई

IND vs NZ Final: बता दें कि पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के ओपनर संजू सैमसन 89, अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन की पारियां खेलीं। इन पारियों के दम पर टीम इंडिया ने 15 ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। भारत की जीत के साथ तीन बड़े रिकॉर्ड्स बने हैं। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप फाइनल में हाईएस्ट स्कोर का रिकॉर्ड बनाया

अपडेटेड Mar 08, 2026 पर 11:46 PM
Story continues below Advertisement
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है।

T20 World Cup Final: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी–20 वर्ल्डकप जीत लिया है। इंडिया लगातार दो बार टी–20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बनी। पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी–20 वर्ल्डकप जीता है। 255 रन के जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया को टी20 वर्ल्डकप जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी।

पीएम मोदी ने दी बधाई

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई! यह शानदार जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रतीक है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट साहस का प्रदर्शन किया है। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया!”


राहुल गांधी ने कही ये बात

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी टीम इंडिया को टी20 वर्ल्डकप जीत पर बधाई दी। सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने लिखा, "एक बार फिर चैंपियन। हमारी भारतीय टीम के लिए यह एक शानदार जीत थी, जिसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष सराहना। टीम इंडिया को घरेलू मैदान पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक और अविस्मरणीय पल देने के लिए बधाई।"

सचिन तेंदुलकर ने की तारीफ

भारत की इस शानदार जीत के बाद सचिन तेंदुलकर ने टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि लगातार दो बार वर्ल्ड कप जीतना टी20 फॉर्मेट में पहली बार हुआ है और यह भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम इस ट्रॉफी की असली हकदार है और खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार क्रिकेट खेलकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने टीम को बधाई देते हुए जय हिंद का संदेश भी दिया।

विराट ने कही ये बात

भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने भी टीम इंडिया को इस बड़ी जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने लिखा कि अहमदाबाद में टीम इंडिया की शानदार जीत पूरे टूर्नामेंट में खेले गए बेहतरीन क्रिकेट का परिणाम है। कोहली ने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में भी खिलाड़ियों ने शानदार हिम्मत दिखाई और टीम को एक बार फिर विश्व चैंपियन बनाया। उन्होंने खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट के सभी सदस्यों को इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी।

बता दें कि पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के ओपनर संजू सैमसन 89, अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन की पारियां खेलीं। इन पारियों के दम पर टीम इंडिया ने 15 ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। भारत की जीत के साथ तीन बड़े रिकॉर्ड्स बने हैं। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप फाइनल में हाईएस्ट स्कोर का रिकॉर्ड बनाया। भारत के लिए यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी जीत है, तो न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ी हार।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।