IND vs NZ: टीम इंडिया ने रचा इतिहास, T20I में एक साल में लगाए 400 छक्के, बनी दुनिया की पहली टीम

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 मुकाबले में 7 विकेट से हार के बावजूद भारत ने इतिहास रच दिया। टीम इंडिया एक कैलेंडर ईयर में 400 छक्के लगाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। भारत ने 2026 में अपना 40वां मैच खेलते हुए ये उपलब्धि हासिल की

अपडेटेड Nov 01, 2026 पर 5:47 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
2016 में भारतीय टीम ने 21 पारियों में 81 छक्के लगाए थे

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज पर 3-2 से कब्जा किया। वहीं इस मैच में भारतीय टीम ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने 11 छक्के लगाए। इसके साथ ही भारत एक कैलेंडर साल में 400 छक्के लगाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। टीम इंडिया ने साल 2026 में अपना 40वां मैच खेलते हुए यह खास उपलब्धि हासिल की और क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।

किसके नाम था ये रिकॉर्ड

इससे पहले एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रिया के नाम था। ऑस्ट्रिया ने 2025 में 326 छक्के लगाए थे। वहीं, किसी टेस्ट खेलने वाले देश की बात करें तो भारत ने 2022 में 40 मैचों में 289 छक्के लगाए थे। उस समय टीम का औसत हर मैच में करीब 7 छक्कों का था, जो 2026 में बढ़कर 10 छक्के प्रति मैच हो गया है। इससे पता चलता है कि भारतीय बल्लेबाजों ने पिछले कुछ सालों में छक्के लगाने के मामले में शानदार सुधार किया है।


किसने लगाया 400वां छक्का

न्यूजीलैंड के खिलाफ 5वें और आखिरी मुकाबले में ईशान किशन ने 32 गेंदों में 61 रन की शानदार पारी खेलते हुए 5 छक्के लगाए, जबकि श्रेयस अय्यर ने 23 गेंदों में 50 रन बनाए और 4 छक्के जड़े। वहीं, नीतीश रेड्डी ने भी एक छक्का लगाया। भारत की ओर से यह ऐतिहासिक 400वां छक्का ऑलराउंडर नमन धीर ने लगाया। उन्होंने पारी के 19वें ओवर में ब्लेयर टिकनर की गेंद पर छक्का जड़कर टीम को इस खास रिकॉर्ड तक पहुंचाया। भारत ने 2026 में लगाए गए कुल 400 छक्कों में से 142 छक्के न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़े हैं। इसके साथ ही टीम इंडिया ने एक साल में किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया विश्व रिकॉर्ड भी बना दिया है।

500 छक्के भी लगा सकती है टीम इंडिया

2016 में भारतीय टीम ने 21 पारियों में 81 छक्के लगाए थे। उस समय टीम हर मैच में औसतन 3.85 छक्के लगा रही थी। लेकिन अब क्रिकेट खेलने का तरीका काफी बदल गया है। बल्लेबाज पहले से ज्यादा छक्के लगा रहे हैं। इसकी वजह बेहतर बैट, बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिचें और IPL भी है। IPL की वजह से भारत को अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे तेज खेलने वाले बल्लेबाज मिले हैं। अगर छक्के लगाने का यह सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले समय में कोई टीम एक साल में 500 छक्के भी लगा सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।