भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 6 दिसंबर शनिवार को खेला जाएगा। ये मुकाबला विशाखापट्टनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं इस सीरीज में विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया है। विराट ने लगातार दोनों मैच में सेंचुरी लगाई है। वहीं लगातार दो सेंचुरी लगाने के बाद विराट कोहली का क्रेज विशाखापट्टनम में भी दिखाई दे रहा है।
पहले विशाखापट्टनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में होने वाले इस मैच की टिकट नहीं बिकी थी। लेकिन विराट कोहली के दो मैचों में शतक लगाने के बाद फैंस सिर्फ उन्हें खेलते देखने के लिए बड़ी संख्या में टिकट खरीदने लगे। इस मैच की टिकट कुछ ही समय में पूरी तरह बिक गए
अचानक बढ़ गई टिकट की मांग
आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार, 6 दिसंबर को होने वाले मैच के लिए 28 नवंबर को जब पहला चरण डिजिटल टिकट बिक्री के लिए खोला गया, तो इसका रिस्पॉन्स उम्मीद से काफी कम रहा। मांग बढ़ाने के लिए एसोसिएशन स्टेडियम के बाहर टिकट काउंटर खोलकर ऑफलाइन बिक्री शुरू करने पर भी विचार कर रही थी। लेकिन 30 नवंबर को रांची में खेले गए पहले वनडे में विराट कोहली की शानदार सेंचुरी ने हालात पूरी तरह बदल दिए। कोहली के शतक के बाद अचानक टिकटों की मांग तेज हो गई और कुछ ही समय में लगभग सभी टिकट बिक गए।
ACA की मीडिया और ऑपरेशंस टीम के वाई. वेंकटेश ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, "पहले फेज के टिकट 28 नवंबर को बिकने शुरू हुए थे। रिस्पॉन्स अच्छा नहीं था। लेकिन रांची में कोहली की सेंचुरी के बाद, दूसरे और तीसरे फेज के टिकट मिनटों में खत्म हो गए। कुछ भी बिना बिका नहीं बचा।"
विराट कोहली शानदार फॉर्म में
टेस्ट और टी20 से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली केवल वनडे मैच में खेलते हुए नजर आ रहे हैं। रांची में उनका 135 रन का धुआंधार प्रदर्शन खास इसलिए भी रहा क्योंकि कई लोगों को लग रहा था कि नियमित मैच प्रैक्टिस न होने की वजह से उनकी फॉर्म प्रभावित हो सकती है। रायपुर में भी विराट कोहली ने वही लय जारी रखते हुए 93 गेंदों पर 102 रन बनाए। विराट कोहली ने अपने करियर का 53वां शतक लगाया है।