Abhishek Sharma: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। 5 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे हैं। लेकिन भारतीय टीम कप्तान और उपकप्तान की फॉर्म लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के तीसरे टी20 मैच में शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव दोनों जल्दी आउट हो गए। गिल 28 गेंदों में 28 रन ही बना पाए, जबकि सूर्यकुमार 11 गेंदों में सिर्फ 12 रन जोड़ सके। इससे पहले के दो मैचों में भी दोनों कुछ खास नहीं कर पाए थे। अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में अब दो महीने से भी कम समय बचा है, ऐसे में दोनों खिलाड़ियों का फॉर्म में न होना टीम के लिए बड़ी चुनौती है। वहीं अभिषेक शर्मा ने इन दोनों के बल्लेबाजों को फॉर्म पर अपना रिएक्शन दिया है।
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पोर्ट्सस्टार से बात करते हुए अभिषेक शर्मा ने कहा, “मैं एक बात बिल्कुल सीधे तौर पर कहना चाहता हूं। मेरा यकीन करो, सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल वर्ल्ड कप में ही नहीं, उससे पहले के मैचों में भी भारत के लिए मुकाबले जिताएंगे। मैं दोनों के साथ लंबे समय से खेला हूं, खासकर शुभमन के साथ। मुझे पता है कि शुभमन कहां, किन कंडीशन में, किसी भी विरोधी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। मुझे उस पर पूरा भरोसा है। बहुत जल्द, बाकी सभी को भी उस पर वह भरोसा हो जाएगा।”
सूर्यकुमार ने सभी आलोचनाओं को खारिज कर दिया है। मैच के बाद, जिसे भारत ने शानदार बॉलिंग परफॉर्मेंस की वजह से सात विकेट से जीता, उन्होंने कहा कि वह 'आउट ऑफ फॉर्म' नहीं थे क्योंकि वह नेट्स में 'बहुत अच्छी' बैटिंग कर रहे थे।
खराब फॉर्म से जूझ रहे गिल और सूर्या
सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल इन दिनों टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अच्छे फॉर्म में नहीं हैं। सूर्यकुमार इस साल ज्यादा रन नहीं बना पाए हैं और उनका औसत काफी गिर गया है, जो एक कप्तान के तौर पर चिंता की बात है। वहीं शुभमन गिल भी उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। ओपनर के रूप में लौटने के बाद वे लगातार रन नहीं बना पाए और अब तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। दोनों खिलाड़ियों के आंकड़े बताते हैं कि यह साल उनके लिए चुनौती भरा रहा है। 2025 एशिया कप में शुभमन गिल को ओपनर बनाया गया, जिससे संजू सैमसन की जगह चली गई, जबकि संजू इस पोजीशन पर तीन शतक लगा चुके थे।