भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत शनिवार, 15 अगस्त से होगा। सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं सीरीज का दूसरा टेस्ट कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करना चाहेगी। दोनों टीमों जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेंगी। वहीं इस सीरीज से पहले हर किसी के मन में ये सवाल है कि इससे पहले जब दोनों टीमें आमने-सामने आई थी, तो किस टीम को मिली थी जीत। श्रीलंका दौरे पर भारत ने शुरुआती टेस्ट मुकाबले कोलंबो और कैंडी में खेले थे।
भारत का श्रीलंका की सरजमीं पर रिकॉर्ड
श्रीलंका में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड अब तक काफी अच्छा रहा है। दोनों टीमों के बीच श्रीलंकाई धरती पर खेले गए 24 टेस्ट में भारत ने 9 मुकाबले जीते हैं, जबकि 7 में उसे हार मिली है और 8 मैच ड्रॉ रहे हैं। वहीं, भारत और श्रीलंका के बीच पिछली टेस्ट सीरीज मार्च 2022 में भारत में हुई थी। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने दो मैचों की यह सीरीज 2-0 से अपने नाम की थी।
साल 1998 में गॉल भी श्रीलंका के प्रमुख टेस्ट केंद्रों में शामिल हो गया। भारतीय टीम ने यहां अपना पहला टेस्ट मैच 2001 में खेला था और इसके बाद श्रीलंका के दौरों पर गॉल लगातार भारत के लिए अहम टेस्ट वेन्यू बना रहा है। गॉल के मैदान पर भारत का अब तक का रिकॉर्ड मिला-जुला रहा है। टीम ने यहां पांच टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें दो मुकाबलों में जीत दर्ज की, वहीं तीन मैचों में उसे हार मिली। लेकिन, गॉल में भारत का पिछला टेस्ट मुकाबला शानदार रहा था, जिसमें टीम ने बड़ी जीत के साथ अपना दबदबा दिखाया था।
जुलाई 2017 में खेला था आखिरी मुकाबला
जुलाई 2017 में गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। मुकाबले में शिखर धवन ने 190 रन और चेतेश्वर पुजारा ने 153 रन की शानदार पारियां खेलकर पारी को संभाल लिया। दोनों के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने पारी को आगे बढ़ाया और चौथे विकेट के लिए 137 रन की अहम साझेदारी की। भारत का स्कोर 432/5 तक पहुंचने के बाद रविचंद्रन अश्विन और रिद्धिमान साहा ने भी छठे विकेट के लिए 59 रन जोड़कर टीम की स्थिति और मजबूत कर दी।
भारत ने अपनी पहली पारी में 600 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका 291 रन पर सिमट गई। भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन देने के बजाय दूसरी पारी में फिर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिनव मुकुंद ने 81 रन बनाए, जबकि विराट कोहली 103 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 240/3 के स्कोर पर पारी घोषित कर श्रीलंका के सामने 550 रन का बड़ा लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 245 रन पर सिमट गई। भारत ने 3 मैचों की इस सीरीज को भारत 3-0 से अपने नाम की थी।