IND W vs ENG W 2nd T20I : भारतीय मेंस टीम के साथ ही विमेंस टीम भी इस समय इंग्लैंड के दौरे पर है। एक तरफ गिल की यंग ब्रिगेड, इंग्लैंड के खिलाफ रेड बॉल क्रिकेट खेल रही है तो वहीं हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली विमेंस टीम इंग्लैंड की महिला टीम के साथ व्हाइट बॉल में दो-दो हाथ कर रही है। भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच इन दिनों 5 टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 97 रन से शिकस्त दी थी। स्मृति मंधाना ने इस मुकाबले में तूफानी शतक लगाया था। वहीं अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मुकाबला 1 जुलाई को खेला जाएगा। तो चलिए मैच से पहले जानते हैं भारतीय टीम संभावित प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट के साथ-साथ मौसम का हाल भी।
दूसरे टी20 मैच से पहले जान लेते हैं पहले मैच का लेखा जोखा। पहले मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 210 रन बनाए। ओपनर्स शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने बेहतरीन शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की। शैफाली के आउट होने के बाद मंधाना और हरलीन देओल ने आक्रामक बल्लेबाज़ी जारी रखी। मंधाना ने शानदार 112 रन बनाए जबकि देओल ने 43 रनों की तेज़ पारी खेली। टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जल्दी-जल्दी आउट हो गए। कप्तान नताली स्काइवर ने जरूर 66 रनों की पारी खेली लेकिन बाकी कोई भी खिलाड़ी टिक नहीं पाई और पूरी टीम सिर्फ 113 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारत ने 97 रनों से इस मुकाबले में जीत हासिल की।
बता दें कि भारत और इंग्लैंड की महिला टीम के बीच दूसरा T20I मुकाबला, काउंटी ग्राउंड, ब्रिस्टल में खेला जाएगा। दोनों देशों के बीच ये मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा। वहीं टॉस रात 10:30 बजे होगा।
भारतीय महिला टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन
शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, अमनजोत कौर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, श्री चरानी।
इंग्लैंड की महिला टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन
डैनी व्याट-हॉज, सोफिया डंकले, नताली साइवर-ब्रंट (कप्तान), पेज स्कॉलफील्ड, एमी जोन्स (विकेटकीपर), एलिस कैप्सी, एमिली अर्लट, सोफी एक्लेस्टोन, चार्ली डीन, लिन्सी स्मिथ, लॉरेन बेल।
पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच नॉटिंघम का ट्रेंट ब्रिज अब तक केवल एक महिला टी20 का मुकाबाला हुआ है। जिसमें बाजी इंग्लैंड की टीम ने मारी थी। हालांकि, इस मैदान पर महिला हंड्रेड लीग के 13 मैच खेले गए हैं। इस लीग में यहां काफी हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिले हैं। टीमों ने हंड्रेड लीग में 7.90 रन प्रति ओवर से रन बनाए थे। वहीं भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले इस मुकाबले में भी बड़ा स्कोर बनने की उम्मीद है। वहीं अगर मौसम की बात करें तो ब्रिस्टल में मैच वाले दिन दोपहर में बादल छाए रहने की उम्मीद है। 58% बारिश की संभावना जताई गई है