Karun Nair: पिछले कुछ समय से भारत के बल्लेबाज करुण नायर की काफी चर्चा हो रही है। आईपीएल 2025 में मुंबई के खिलाफ मैच में करुण नायर की एक पारी ने सबको ध्यान अपनी ओर खिंचा। मुंबई के खिलाफ करुण नायर ने 40 गेंदों पर 89 रन की पारी खेली। वहीं करीब 8 साल बाद करुण नायर को भारतीय टीम में खेलने का मौका मिला है। इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम 20 जून से टेस्ट मैच खेलेगी, इससे पहले भारतीय ए की टीम इंग्लैंड दौरे पर है। भारतीय बल्लेबाज करुण नायर भी इसमें शामिल है।
करुण नायर ने लगाया दोहरा शतक
करुण नायर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दोहरा शतक जड़ दिया है। उन्होंने 281 गेंदों में 204 रन की शानदार पारी खेली। ऐसे मुश्किल हालात में खेलते हुए करुण ने खुद को साबित किया और टेस्ट टीम में वापसी के पूरे हकदार है। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले उनका यह प्रदर्शन काफी मायने रखता है। इंग्लैंड के खिलाफ 20 जून से लीड्स में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में करुण नायर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाए या नहीं, इस पर लोगों की अलग-अलग राय हो सकती है। लेकिन नायर ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ जोरदार दोहरा शतक लगाकर अपना दावा काफी मजबूत कर लिया है।
करुण नायर इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर शानदार फॉर्म में हैं। भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच टेस्ट मैच कैटबरी के सेंट लारेंस ग्राउंड पर चल रहा है जो 30 मई से शुरू हुआ था। इस मैच में इंग्लैंड लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, जबकि भारत ए ने मजबूत शुरुआत नहीं की और जल्दी दो विकेट गंवा दिए। लेकिन इसके बाद करुण नायर और सरफराज खान ने पारी को संभाला। सरफराज ने तेज 92 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने भी 94 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरे दिन भारत की पूरी टीम 557 रन पर ऑल आउट हो गई। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन इस मैच में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
करुण नायर ने अपने करियर में चौथी बार किसी एक पारी में 200 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 328 रन है, जो उन्होंने 2015-16 के रणजी ट्रॉफी सीजन में तमिलनाडु के खिलाफ कर्नाटक की तरफ से बनाया था। खास बात यह है कि दो बार जब उन्होंने दोहरा शतक लगाया, तब वे नाबाद भी रहे। इंग्लैंड में यह उनका दूसरा दोहरा शतक है। इससे पहले उन्होंने नॉर्थम्पटनशायर के लिए खेलते हुए ग्लैमरगन के खिलाफ नाबाद 202 रन बनाए थे। करुण नायर टेस्ट क्रिकेट में वीरेंद्र सहवाग के बाद तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। भारत ए टीम के लिए उनका पिछला बड़ा प्रदर्शन करीब 10 साल पहले आया था, जब उन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ नाबाद 114 रन बनाए थे।