IND A vs PAK A: सुपर संडे में भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला, वैभव सूर्यवंशी-अभिषेक शर्मा पर होंगी निगाहें

IND vs PAK: 22 नवंबर को एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत A और पाकिस्तान A के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। दोहा में होने वाले इस मैच में दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी। जानिए इस मुकाबले को कब और कहां लाइव देख सकते हैं

अपडेटेड Nov 21, 2026 पर 7:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इंडिया A ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 306 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान की टीमें 22 नवंबर को एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। रविवार, 22 नवंबर को मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत ए की टीम पाकिस्तान ए से भिड़ेगी। दोनों देशों के बीच ये मुकाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। ग्रुप बी के इस मैच में दोनों टीमों की नजर जीत पर होगी। वहीं अपने शुरुआती मुकाबले जीतने के बाद दोनों ही टीमें इस मुकाबले को भी जीतने की पूरी कोशिश करेंगी। आइए जानते हैं कब और कहां पर देखें ये मुकाबला

भारत ने नेपाल को रिकॉर्ड रन से हराया

तिलक वर्मा की अगुवाई में खेल रही इंडिया A ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 306 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 332 रन बनाए। इस दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने 117 और कप्तान तिलक वर्मा ने 107 रनों की शानदार पारियां खेलीं। इसके जवाब में नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और महज 26 रन पर सिमट गई। प्रिंस यादव ने पांच और हर्षित राणा ने चार विकेट लेकर नेपाल की पारी को तहस-नहस कर दिया।


पाकिस्तान ने UAE को हराया

पाकिस्तान A ने अब्दुल समद की कप्तानी में UAE को 61 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपने खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 245 रन बनाए। टीम की ओर से शमील हुसैन ने 62 और माज सदाकत ने 53 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान अब्दुल समद ने भी 39 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम 184 रन पर ही सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर सुफियान मोकिम और तेज गेंदबाज अली रजा ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

कितने बजे शुरू होगा मुकाबला

भारत A और पाकिस्तान A के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स का मुकाबला रविवार, 22 नवंबर को खेला जाएगा। दोनों टीमें दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारतीय समय के अनुसार यह मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जबकि दोहा में मुकाबले की शुरुआत स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर 1 बजे होगी।

कहां पर लाइव देखें मुकाबला

भारत A और पाकिस्तान A के बीच होने वाले एशिया कप राइजिंग स्टार्स मुकाबले का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, जो दर्शक इस मैच को मोबाइल या लैपटॉप पर देखना चाहते हैं, वे SonyLIV ऐप और उसकी वेबसाइट के जरिए लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।

भारत A और पाकिस्तान A की पूरी टीमें

भारत A: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेट कीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुश कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान, आयुष बडोनी।

पाकिस्तान A: शमील हुसैन, माज़ सदाकत, रोहेल नज़ीर (विकेट कीपर), हसन नवाज़, अब्दुल समद (कप्तान), फरहान यूसुफ़, साद मसूद, मोहम्मद इमरान रंधावा, अहमद दानियाल, सुफ़यान मोकिम, अली रज़ा, शाहज़ैब खान, हैदर अली, मोहम्मद हसनैन, दानिश अज़ीज़।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।