India Tour Bangladesh: भारतीय क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ी अभी आईपीएल में बिजी है। आईपीएल खत्म होने के बाद भारतीय टीम को टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड का दौरा करना है। इसके बाद भारत को 3 वनडे और 3 टी20 मैच के लिए बांग्लादेश का दौरा करना है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबले मीरपुर और चटगांव के स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन अब भारत के बांग्लादेश दौरे को लेकर बड़ी खबर आ रही है। मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच हाल ही में बढ़े तनाव की वजह से यह दौरा रद्द हो सकता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक सूत्र के हवाले से बताया, "यह दौरा भारतीय टीम के कैलेंडर में शामिल है, लेकिन अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह संभावना है कि भारत वनडे और टी20 के लिए बांग्लादेश का दौरा न करे।"
रद्द हो सकता है बांग्लादेश दौरा
पिछले साल बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद से ही स्थिति काफी उथल-पुथल रही है। बांग्लादेश की क्रिकेट टीम पिछले साल भारत आई थी और इस साल फरवरी में चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों देशों की टीमें आमने-सामने आई थीं। लेकिन हाल ही में बांग्लादेश सरकार के करीबी और एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने भारत के नॉथ-ईस्ट राज्यों को लेकर विवादित बयान दिया, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था। इस पर भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।
बता दें भारत और बांग्लादेश मामले में अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए भारत का बांग्लादेशी दौरा रद्द होने की पूरी संभावना है।
एशिया कप को लेकर भी स्थिति साफ नहीं
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में होने वाले एशिया कप के आयोजन को लेकर भी अनिश्चितताएं हैं, क्योंकि इसकी मेजबानी भारत को करनी है। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते इन दिनों बहुत तनावपूर्ण हैं। भारत सरकार पाकिस्तान को लेकर सख्त रूख अपनाए हुए है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि भारतीय टीम आईसीसी इवेंट्स या एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर सकती है। भारत के बांग्लादेश दौरे के बाद सितंबर में एशिया कप 2025 का आयोजन होने वाला है।