Shubman Gill: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। टीम में शुभमन गिल को जगह नहीं दी गई है। वहीं टीम से बाहर होने के बाद से ही गिल चर्चा में बने हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर की राय को नजरअंदाज करते हुए शुभमन गिल को T20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम से बाहर रखने की बात कही थी। वहीं ये भी बताया जा रहा है कि शुभमन गिल को टीमस बाहर करने का फैसला पहले ही ले लिया गया था।
कब लिया गया गिल को बाहर करने का फैसला?
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, "शुभमन गिल को टीम से बाहर करने का फैसला असल में हफ्ते के बीच ही ले लिया गया था। ये फैसला उस समय हुआ, जब लखनऊ में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा T20I मैच स्मॉग के कारण रद्द कर दिया गया था, न कि ऑफिशियल अनाउंसमेंट वाले दिन। रिपोर्ट में BCCI के एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि, टीम के ऐलान होने की सुबह तक न तो सिलेक्टर्स ने और न ही कप्तान सूर्यकुमार यादव या हेड कोच गौतम गंभीर ने शुभमन गिल को इस फैसले के बारे में बताया था।
क्या चोट की वजह से बाहर हुए गिल
रिपोर्ट के मुताबिक, "टीम मैनेजमेंट ने शुभमन गिल को पहले ही टीम से बाहर करने का फैसला कर लिया था। बाद में पैर के अंगूठे में लगी मामूली चोट को इसकी वजह बताया गया। जबकि गिल अहमदाबाद में पांचवां मैच खेलने को तैयार थे। शुरुआत में उनकी चोट को हेयरलाइन फ्रैक्चर माना जा रहा था, लेकिन बाद में साफ हुआ कि ये सिर्फ हल्की चोट है।" शुभमन गिल की जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया है और अब उन्हें वर्ल्ड कप के लिए भारत का पहली पसंद ओपनर माना जा रहा है।
टी20 में गिल का प्रदर्शन बनी वजह
रिपोर्ट के अनुसार, साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुभमन गिल का कमजोर प्रदर्शन इस फैसले की एक वजह माना गया। रिपोर्ट के मुताबिक, "शुभमन गिल के टॉप ऑर्डर में आने के बाद सूर्यकुमार यादव का फॉर्म भी खास नहीं रहा है। आमतौर पर ऐसे हालात में कप्तानों को अतिरिक्त समर्थन मिलता है, खासकर तब जब सूर्यकुमार पिछले कुछ सालों में दुनिया के बेहतरीन T20I बल्लेबाजों में गिने जाते रहे हों।"