भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। इस सीरीज में टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट लेने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे मैच में वापसी होने जा रही है। सीरीज से पहले दोनों खिलाड़ियों के 2027 विश्व कप में उनकी मौजूदगी को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के स्टार ओपनर ट्रैविस हेड ने भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है।
ऑस्ट्रेलिया के स्टार ओपनर ट्रैविस हेड ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए उन्हें “अब तक का सबसे महान सफेद गेंद खिलाड़ी” बताया। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा भी कोहली से ज्यादा पीछे नहीं हैं और दोनों ही भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास खिलाड़ी हैं।
हेड ने रोहित-कोहली की तारीफ
अक्षर पटेल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे कोहली और रोहित के खिलाफ खेलने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह एक खास मौका होगा। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद यह पहली बार है जब दोनों भारत के लिए उतरेंगे और उनकी उम्र को देखते हुए यह ऑस्ट्रेलिया में उनका आखिरी दौरा भी हो सकता है। हेड ने मीडिया से कहा, "वो दोनों भारत के लिए बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं, हालांकि अक्षर उनके बारे में मुझसे ज्यादा अच्छी बातें बता सकते हैं।"
2027 का विश्व कप खेलेंगे?
हेड ने रोहित शर्मा के वनडे रिकॉर्ड की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्हें भरोसा है कि रोहित और विराट कोहली दोनों 2027 विश्व कप तक खेलते रहेंगे। हेड ने कहा, "एक सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैं रोहित शर्मा के प्रदर्शन का बहुत सम्मान करता हूं। उन्होंने जो हासिल किया है, वह काबिले तारीफ है। यकीनन, जब वे खेल से दूर होंगे तो उनकी कमी महसूस होगी, लेकिन मुझे लगता है कि रोहित और विराट दोनों 2027 तक खेलते रहेंगे।" उन्होंने मुस्कुराते हुए अक्षर पटेल की ओर देखते हुए कहा, "है ना? यह खेल के लिए बहुत अच्छी बात है कि दोनों अभी भी इस फॉर्मेट में एक्टिव हैं।"
जब अक्षर पटेल से विराट कोहली और रोहित शर्मा की तैयारी को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “वो वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं, जिन्हें पता है कि मैदान पर क्या करना है। वे पूरी तरह से तैयार और पेशेवर हैं।” उन्होंने आगे कहा, “अगर फॉर्म की बात करें तो दोनों ने बेहतरीन तैयारी की है। सभी ने अपना फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और अब वे खेलने के लिए उत्साहित हैं।”
ऑस्ट्रेलिया में रोहित-विराट का प्रदर्शन
विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों का ऑस्ट्रेलिया में प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। कोहली ने यहां 29 पारियों में 51.04 की औसत से 1327 रन बनाए हैं, जिसमें पांच शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। वहीं रोहित शर्मा ने एक पारी ज्यादा खेलते हुए 1328 रन बनाए हैं, जिनमें पांच शतक, चार अर्धशतक और 53.12 की शानदार औसत शामिल है।