IND vs ENG, Playing XI for 3rd Test : भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज अब काफी रोमांचक हो गया है। एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत की यंग ब्रिगेड ने शानदार जीत दर्ज की। वहीं इस जीत के बाद पांच मैचों की ये टेस्ट सीरीज अब 1-1 के बराबरी पर आ गई है। पहले टेस्ट में हार के बाद टीम इंडिया ने कमाल की वापसी की। पहले बल्लेबाजों ने रनों का पहाड़ खड़ा किया तो वहीं तेज गेंदबाजों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों के विकेट उखाड़ दिए। 608 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 271 रनों पर सिमट गई। वहीं अब सबकी नजर दोनों देशों के बीच खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच पर टिकी है।
कब और कहां खेला जाएगा मैच
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच 10 जुलाई 2025 को खेला जाएगा। ये मैच क्रिकेट के होम ग्राउंड कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से खेला जाएगा।
कैसा रहेगा मौसम?
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ का तीसरा मुकाबला लॉर्ड्स मैदान में खेला जाएगा। भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट मैच के सभी पांच दिन मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे मैच बिना किसी रुकावट के पूरे होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फैंस के लिए अच्छी खबर ये है कि उन्हें बिना मौसम के रुकावट के पांचों दिन टेस्ट मैच देखने को मिलेगा।
लॉर्ड्स की पिच रिपोर्ट
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे इस सीरीज के पिछले दो टेस्ट मैचों में सपाट पिच देखने को मिली थी। वहीं तीसरे टेस्ट में पिच में काफी बदलाव देखने को मिल सकता है। मैच से पहले लॉर्ड्स की पिच की कुछ तस्वीरें भी सामने आईं हैं। इन तस्वीरों में लॉर्ड्स की पिच पर हरी घास दिखाई दे रही है। इस हाल में इस पिच पर तेज गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है। तेज गेंदबाजों को इस पिच पर आसानी से उछाल देखने को मिल सकता है, जो बल्लेबाजों के लिए खतरे की घंटी है। लॉर्ड्स में पिछले महीने खेले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के दौरान जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, बल्लेबाजी करना और भी मुश्किल होता गया। अब देखना यह होगा कि तीसरे टेस्ट में लॉर्ड्स की पिच वैसा ही बर्ताव करती है या इसमें कुछ सुधार देखने को मिलेगा।
बुमराह की वापसी से मिलेगी मजबूती
वहीं भारतीय टीम ने पिछले टेस्ट में बल्लेबाज़ी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया था। अब तीसरे टेस्ट में भी वही लय बनाए रखना चाहेंगे। इस बार भारत को एक और बढ़त जसप्रीत बुमराह की वापसी से मिलेगी। उनकी मौजूदगी, टीम इंडिया के पेस अटैक को और मज़बूत बनाएगी, लेकिन इसका मतलब है कि किसी एक गेंदबाज़ को टीम से बाहर बैठना पड़ सकता है।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ दो में से दूसरी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। 2021 में भारत ने इसी मैदान पर इंग्लैंड को हराकर एक यादगार जीत दर्ज की थी, और टीम उस इतिहास को फिर से दोहराना चाहेगी।
ऐसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान/विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिगंटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप.
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।