India vs England 4th Test : मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड में भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। वहीं मैच के पहले दिन टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाए हैं। वहीं मैनचेस्टर टेस्ट में पहले दिन ही एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मैच में कमाल की बैटिंग कर रहे ऋषभ पंत चोटिल हो गए हैं।
Rishabh Pant is driven off the field of play after suffering some severe swelling on his right foot and Ravindra Jadeja walks out to the middle... pic.twitter.com/vJlu5CABQ8
— Sky Sports Cricket (@SkyCricket) July 23, 2025
तीसरे सेशन में उन्होंने एक ऐसा शॉट खेल दिया जिससे वे मुसीबत में पड़ गए। पंत को तीसरे सेशन में क्रिस वोक्स की गेंदबाजी के दौरान खतरनाक चोट लग गई। जिसके चलते उन्हें मैदान से बीच में ही रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर जाना पड़ा।
शॉट खेलने के चक्कर में लगी चोट
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में चल रहे चौथे टेस्ट मैच के बीच भारतीय क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। यह घटना भारतीय पारी के 68वें ओवर में हुई, जब पंत इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स का सामना कर रहे थे. इस चोट ने भारतीय फैंस की भी की बढ़ा दी है। चोट लगने के बाद जैसे ही ऋषभ पंत ने फिजियो को बुलाया, अंपायर ने भी ड्रिंक्स ब्रेक की घोषणा कर दी। एक अजीब शॉट खेलने के बाद पंत खुद को चोटिल कर बैठे। शॉट के बाद उन्हें दर्द से तड़पते हुए देखा गया, जबकि फिजियो उनका दाहिना पैर देख रहे थे। इसके बाद वे मैदान से बाहर भी नहीं चल पाए और उन्हें स्ट्रेचर पर बिठाकर ले जाया गया। उनकी जगह रवींद्र जडेजा मैदान पर आ गए।
स्टेडियम से जाना पड़ा बाहर
ऋषभ पंत 48 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन 68वें ओवर में जब उन्होंने क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप करने की कोशिश की, तो चूक गए और गेंद सीधे उनके पैर पर लगी। इसके बाद उन्हें काफी दर्द हुआ और वे स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाए गए। इससे पहले लॉर्ड्स टेस्ट में भी उनकी उंगली में चोट लगी थी, और अब यह एक और नई चोट उनके नाम जुड़ गई है। फिलहाल, बीसीसीआई ने उनकी चोट पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। नियमों के अनुसार, पंत को स्कैन के लिए ले जाया जा सकता है ताकि सावधानी बरती जा सके। अब देखना होगा कि वह इस मैच में दोबारा खेलने के लिए फिट हो पाते हैं या नहीं।
टीम इंडिया को लग सकता है बड़ा झटका
ध्यान देने वाली बात यह है कि लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद ऋषभ पंत ने विकेटकीपिंग नहीं की थी, हालांकि उन्होंने बल्लेबाजी जरूर की थी। टीम के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट और अन्य टीम प्रबंधन ने साफ किया था कि जरूरत पड़ने पर पंत को बतौर बल्लेबाज ही खिलाया जाएगा, जिससे यह भी साफ हुआ कि टीम के लिए उनकी मौजूदगी कितनी जरूरी है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ध्रुव जुरेल को सौंपी गई थी, जैसे उन्होंने तीसरे टेस्ट में भी निभाई थी। उस मैच में जुरेल ने 25 बाई रन दिए थे, जिसे कई लोग भारत की 22 रन से हुई हार का एक अहम कारण मानते हैं।
वहीं अब, पंत को पैर में जो गंभीर चोट लगी है, उसके चलते ऐसा लग रहा है कि वह इस टेस्ट मैच से पूरी तरह बाहर हो सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो भारत को एक बल्लेबाज की कमी झेलनी पड़ेगी। यह टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है, खासकर तब जब वह पहले ही पांच मैचों की इस सीरीज़ में 2-1 से पीछे चल रही है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।