India vs England Test : टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए लीड्स टेस्ट काफी खास रहा। उन्होंने इस मैच में एक नहीं बल्कि दो-दो शतक जड़ दिया है। पहहली पारी में पंत ने 134 रनों की पारी खेली तो वहीं दूसरी पारी में वह 118 रन बनाने में कामयाब रहे। भारत-इंग्लैंड पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक ठोंकने के बाद पंत ने दिग्गज सुनील गावस्कर की एक बात नहीं मानी। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सुनील गावस्कर ने की थी ये डिमांड
पंत के ऐतिहासिक शतक के बाद गावस्कर ने पंत को बैकफ्लिप लगाकर सेलिब्रेट करने को कहा। जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि गावस्कर पंत से इशारों में बैकफ्लिप लगाकर सेलिब्रेट करने को कह रहे हैं। लेकिन पंत ने गावस्कर को इशारा किया वो अगली बार बैकफ्लिप लगाकर सेलिब्रेट करेंगे।
पंत ने लगाई रिकार्ड्स की झड़ी
भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने एक नया रिकॉर्ड कायम करते हुए टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बनने का गौरव हासिल किया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट के चौथे दिन हासिल की। पंत ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 130 गेंदों में अपना दूसरा शतक पूरा किया। इससे पहले पहली पारी में उन्होंने 134 रन बनाए थे, और दूसरी पारी में 118 रन की शानदार पारी खेली। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ पंत ने खुद को सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल कर लिया है- वे भारतीय खिलाड़ी जिन्होंने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाया है।
ऋषभ पंत ने रचा एक और इतिहास
ऋषभ पंत ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दोनों पारियों में शतक लगाने वाले केवल दूसरे विकेटकीपर बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा 2001 में जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर ने किया था। पंत ने दूसरी पारी में 140 गेंदों पर 118 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 15 चौके और 3 छक्के जड़े। यह उनका आठवां टेस्ट शतक था, और इसी के साथ उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में अपनी जगह और मजबूत कर ली है।
यह शतक ऐसे समय आया जब भारत चौथे दिन थोड़ी मुश्किल स्थिति में था। पंत ने मैदान में उतरते ही आक्रामक अंदाज़ अपनाया और अपनी शानदार बल्लेबाज़ी से मैच का रुख बदल दिया। ऋषभ पंत ने एक बार फिर अपने निडर और आक्रामक खेल से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने युवा स्पिनर शोएब बशीर के खिलाफ शानदार स्ट्रोक्स खेले और उन्हें मैदान के हर कोने में शॉट्स के ज़रिए निशाना बनाया। पंत ने मैच की स्थिति की परवाह किए बिना अपने आक्रामक अंदाज़ को बरकरार रखा।
यह शानदार पारी सिर्फ उनके शतक तक ही सीमित नहीं रही। पंत अब इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है। गौरतलब है कि पंत ने अब तक केवल 44 टेस्ट मैच ही खेले हैं।