चोटिल ऋषभ पंत लंगड़ाते हुए मैदान पर आए और ठोकी फिफ्टी, देखते रह गए इंग्लैंड के खिलाड़ी

Rishabh Pant: चोट के बावजूद मैदान पर उतरे पंत को कितना दर्द था ये उनके एक्सप्रेशन से साफ पता चल रहा था। शुरुआत में लगा कि पंत ज्यादा देर टिक नहीं पाएंगे, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों का डटकर सामना किया

अपडेटेड Jul 25, 2025 पर 10:55 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जब भारतीय पारी संकट में थी, तो 37 रन पर 'रिटायर हर्ट' हुए पंत ने वापसी का फैसला किया

India-England: इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम के विकेट एक के बाद एक गिर रहे थे। टीम इंडिया मुश्किल में थी, तभी मैदान पर कुछ ऐसा हुआ जिसने सबको हैरान कर दिया। एक दिन पहले पैर पर लगी गंभीर चोट के बावजूद भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत बल्लेबाजी करने उतरे। बता दें कि टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को क्रिस वोक्स की गेंद पंत के पैर पर लगी थी, जिससे उनका पैर सूज गया और फ्रैक्चर हो गया। बीसीसीआई ने बताया कि उन्हें कम से कम छह सप्ताह के लिए मैदान से बाहर रहना होगा। लेकिन जब भारतीय पारी संकट में थी, तो 37 रन पर 'रिटायर हर्ट' हुए पंत ने वापसी का फैसला किया। जैसे ही वह लंगड़ाते हुए मैदान पर उतरे, पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

लंगड़ाते हुए मैदान पर उतरें और ठोकी फिफ्टी

चोट के बावजूद मैदान पर उतरे पंत को कितना दर्द था ये उनके एक्सप्रेशन से साफ पता चल रहा था। शुरुआत में लगा कि पंत ज्यादा देर टिक नहीं पाएंगे, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों का डटकर सामना किया। जोफ्रा आर्चर ने पंत के उसी चोटिल पैर को निशाना भी बनाया। हालांकि पंत ने उसका करारा जवाब देते हुए गेंद को बाउंड्री से बाहर का रास्ता दिखा दिया। पंत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। चोट लगने से पहले पंत 37 रन पर थे। दूसरे दिन उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और 75 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के भी लगाए। पंत की इस दमदार पारी की बदौलत ही टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 358 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाने में कामयाब रही।


इंग्लैंड ने भी की दमदार शुरुआत

मैनचेस्टर टेस्ट के दूसरे दिन भारत के ऑल आउट होने के बाद इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 225 रन बना लिए थे। इंग्लैंड के लिए जैक क्राउली ने 84 रन और बेन डकेट ने 94 रनों की दमदार पारियाँ खेलीं। जो रूट और ओली पोप क्रीज पर जमे हुए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।