आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। वहीं मुकाबले से पहले आरसीबी को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड शुरुआती कुछ मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। वहीं यश दयाल भी पर्सनल रीजन की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। इस पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की गेंदबाजी को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि टीम को इस सीजन में गेंदबाजी में परेशानी हो सकती है।
नई सीजन की शुरुआत से पहले एसआरएच और आरसीबी की टीमें जमकर प्रैक्टिस कर रही हैं। इसी बीच आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी राय रखते हुए आरसीबी की संभावित प्लेइंग इलेवन के बारे में बात की।
आकाश चोपड़ा ने कहा, “मुझे लगता है कि गेंदबाजी में थोड़ी परेशानी आ सकती है और यह बात अभी से दिख रही है। पिछले सीजन में क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया था, जिससे सभी हैरान थे, क्योंकि पहले लगा था कि यहां टीम थोड़ी कमजोर है, लेकिन दोनों ने बेहतरीन काम किया। हालांकि, सवाल यह है कि क्या वे इस बार भी वैसा ही प्रदर्शन दोहरा पाएंगे? अगर दो-तीन मैच अच्छे नहीं जाते हैं, तो क्या टीम सुयश को बाहर कर किसी और को मौका देगी? ऐसे सवाल उठ सकते हैं, और अब जब जोश हेजलवुड और यश दयाल टीम में नहीं हैं, तो गेंदबाजों पर दबाव और बढ़ सकता है।”
भुवनेश्वर ले सकते हैं सबसे ज्यादा विकेट
उन्होंने कहा, “मैंने सुना है कि नया खिलाड़ी मंगेश यादव काफी अच्छा है। मुझे उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगा, लेकिन उससे वही उम्मीद करना जो आप यश दयाल से करते हैं, आसान नहीं है। इसलिए मुझे गेंदबाजी यूनिट में एक साफ चुनौती नजर आ रही है।” वीडियो के अंत में आकाश चोपड़ा ने यह भी अनुमान लगाया कि अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस सीजन में आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं।
पिछले सीजन में जोश हेजलवुड ने आरसीबी के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और 12 मैचों में 22 विकेट अपने नाम किए थे, लेकिन हाल की चोट के चलते वह इस बार शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे। वहीं, यश दयाल ने भी डेथ ओवरों में टीम के लिए अहम भूमिका निभाई थी। यश दयाल निजी कारणों की वजह से इस पूरे सीजन में उपलब्ध नहीं रहेंगे। पिछले सीजन में क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने मिलकर 25 विकेट लिए थे, लेकिन अब यश दयाल और जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में टीम की गेंदबाजी की जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ गई है। ऐसे में सुयश, क्रुणाल और भुवनेश्वर कुमार पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है।