Arshdeep Singh: पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पिछले कुछ समय से काफी चर्चा में हैं। आईपीएल 2026 से बाहर होने के बाद पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लगभग सभी पोस्ट हटा दिए हैं। अर्शदीप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लगभग 200 से ज्यादा पोस्ट हटा दिए हैं। हटाए गए पोस्ट में विराट कोहली के साथ 2025 चैंपियंस ट्रॉफी की एक रील भी शामिल थी। वहीं अर्शदीप ने सोशल मीडिया से पोस्ट हटाने की वजह नहीं बताई है।
फिलहाल अर्शदीप सिंह के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 44 पोस्ट दिखाई दे रही हैं, जिसमें ज्यादातर फैमिली फोटो, क्रिकेट उपलब्धियों और ब्रांड प्रमोशन से जुड़ी पोस्ट ही नजर आ रही हैं।
लगातार ट्रोल हो रहे थे अर्शदीप
आईपीएल 2026 के दौरान अर्शदीप सिंह अपनी ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर काफी चर्चा में रहे। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के मैच से पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह भारतीय टीम के साथी तिलक वर्मा की स्किन टोन को लेकर टिप्पणी करते सुनाई दिए। वीडियो में अर्शदीप को तिलक से “ओए अंधेरे...” कहते हुए सुना गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई। इस पूरे विवाद पर अब तक अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा दोनों की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।
वहीं इसके कुछ दिनों बाद अर्शदीप एक और विवाद में घिर गए, जब स्नैपचैट पर एक फैन के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा में बातचीत करने की बात सामने आई।
आईपीएल 2026 में अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन कुछ खास प्रभावशाली नहीं रहा। सीजन के आखिर तक उन्होंने मैचों में कुल 14 विकेट हासिल किए, लेकिन इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 10.21 रहा, जो काफी महंगा माना जाता है। गेंदबाजी में निरंतरता की कमी के कारण वह कई मुकाबलों में टीम के लिए ज्यादा असर नहीं छोड़ सके।
पंजाब किंग्स की टीम प्लेऑफ में पहुंचने से सिर्फ एक अंक से चूक गई। टीम ने शुरुआत में शानदार खेल दिखाया था और पहले सात में से छह मैच जीते थे, लेकिन बाद में लगातार अच्छे नतीजे नहीं मिल सके।