आईपीएल 2026 में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से मात देकर आईपीएल की दूसरी अपने नाम की है। वहीं फाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने 75 रनों की शानदार पारी खेली है। वहीं आरसीबी की जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्लेस ने टीम के प्रदर्शन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ खिताबी मुकाबले में सिर्फ विराट ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड और टिम डेविड ने भी अहम योगदान दिया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नई दिल्ली में आयोजित 'मनोबल' कार्यक्रम के दौरान रिचर्ड मार्लेस ने कहा कि विराट कोहली सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया में भी बेहद लोकप्रिय हैं। मार्लेस ने कहा कि खेल, खासकर क्रिकेट, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है और दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का काम करता है।
एएनआई के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्लेस ने कहा, "जब मैं पिछले साल भारत आया था, तब भी इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल के अगले दिन की सुबह थी और आज भी वही स्थिति है। पिछले साल की तरह इस बार भी हमने आरसीबी को चैंपियन बनते देखा।" उन्होंने आगे कहा, "मुझे यह बात बहुत अच्छी लगी कि विराट कोहली ने 75 रन की नाबाद पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने, लेकिन टीम में जोश हेजलवुड और टिम डेविड जैसे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी थे। इसलिए मुझे लगा कि आरसीबी की ये जीत किसी भारत-ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट मुकाबले जैसी थी, जहां दोनों देशों के खिलाड़ियों ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया।"
ऑस्ट्रेलिया में भी फेमस हैं विराट
मार्लेस ने कहा, "आज विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में बेहद लोकप्रिय हैं और क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में गिने जाते हैं। लेकिन जब मैं छोटा था, तब भारतीय क्रिकेट से जुड़ा पहला बड़ा नाम जो मुझे याद है, वह बिशन सिंह बेदी थे। उस दौर में वह भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित और सम्मानित खिलाड़ियों में से एक थे।"
फाइनल में हेजलवुड-टिम का प्रदर्शन
आरसीबी की खिताबी जीत में ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड और टिम डेविड का योगदान काफी महत्वपूर्ण रहा। जोश हेजलवुड ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम पर दबाव बनाया। वहीं, टारगेट का पीछा करते समय टिम डेविड ने तेज और उपयोगी 24 रन बनाकर टीम की जीत की राह आसान की। फाइनल जैसी बड़ी मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने अपनी जिम्मेदारी अच्छे से निभाई और आरसीबी की लगातार दूसरी ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका निभाई।