चैंपियन बनने के बाद RCB के इस खिलाड़ी पर BCCI ने लिया बड़ा एक्शन, लगाया बैन, जानें क्या थी वजह

RCB vs GT Final: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर आईपीएल की अपनी दूसरी ट्रॉफी जीती है। वहीं फाइनल के बाद आरसीबी के इस बल्लेबाज पर बीसीसीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मैच के लिए बैन लगाया है। जानें क्या थी वजह

अपडेटेड Jun 01, 2026 पर 10:35 PM
Story continues below Advertisement
ये घटना अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए खिताबी मुकाबले के दौरान हुई थी

RCB vs GT Final: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर आईपीएल की अपनी दूसरी ट्रॉफी जीती है। वहीं आईपीएल का फाइनल मुकाबला जीतने के बाद आरसीबी की टीम को बड़ा झटका लगा है। आईपीएल 2026 के फाइनल के बाद आरसीबी के बल्लेबाज टिम डेविड पर बड़ी कार्रवाई की गई है। बोर्ड ऑफ कंट्रोल फ़ॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) ने उन्हें आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी मानते हुए एक मैच के लिए निलंबित कर दिया है।

ये घटना अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए खिताबी मुकाबले के दौरान हुई थी। डेविड को यह सजा अगले सीजन में भुगतनी होगी और वह आईपीएल 2027 के अपने पहले मैच में नहीं खेल सकेंगे।

आईपीएल ने अपने पोस्ट में क्या कहा


आईपीएल की ओर से जारी बयान में बताया गया कि, आरसीबी के बल्लेबाज टिम डेविड पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 के तहत लेवल-1 नियम उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर उन्हें दो डिमेरिट अंक भी दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद डेविड को अगले सीजन की शुरुआत में एक मैच का प्रतिबंध भी झेलना होगा।

क्यों लगा ये जुर्माना

ये नियम मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति की ओर गलत या खतरनाक तरीके से गेंद या क्रिकेट से जुड़ी किसी वस्तु, जैसे पानी की बोतल, फेंकने से संबंधित है। बयान के अनुसार, गुजरात टाइटंस की पारी के 10वें ओवर के दौरान टिम डेविड ने गुस्से में मैदानी अंपायर नितिन मेनन की दिशा में एक आइस बैग फेंका था। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया।

इससे पहले भी लगा है जुर्माना

टिम डेविड के लिए ये मामला सिर्फ जुर्माने तक सीमित नहीं रहा। इस सीजन में यह उनका तीसरा लेवल-1 नियम उल्लंघन था। इससे पहले भी उन्हें दो अलग-अलग मैचों में कुल तीन डिमेरिट अंक मिल चुके थे। ताजा घटना के बाद उनके खाते में दो और अंक जुड़ गए, जिससे इस सीजन में उनके कुल डिमेरिट अंक पांच हो गए। आईपीएल के नियमों के अनुसार पांच डिमेरिट अंक होने पर एक मैच का निलंबन मिलता है। इसी वजह से डेविड को आईपीएल 2027 के शुरुआती मुकाबले से बाहर रहना होगा, चाहे वह अगला सीजन किसी भी टीम की ओर से खेलें।

टिम डेविड का प्रदर्शन

आरसीबी ने अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया। टीम की इस सफलता में टिम डेविड का भी बड़ा योगदान रहा। उन्होंने पूरे सीजन में तेज बल्लेबाजी करते हुए 305 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 188 से ज्यादा रहा, जो किसी फिनिशर के लिए शानदार माना जाता है। अगले सीजन से पहले मेगा ऑक्शन भी नहीं होना है, ऐसे में माना जा रहा है कि आरसीबी डेविड को अपनी टीम में बनाए रखने की पूरी कोशिश करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।