आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का सफर लीग चरण में ही खत्म हो गया है। चेन्नई की टीम लगातार तीसरे सीजन में प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने में नाकाम रही। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह आईपीएल सीजन बेहद खराब रहा और टीम का सफर अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ बड़ी हार के साथ खत्म हो गया। साल 2023 में ट्रॉफी जीतने के बाद से टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। वहीं इस सीजन की शुरुआत में ये सवाल सभी के मन में था कि क्या एमएस धोनी का ये आखिरी सीजन होगा। लेकिन चोट की वजह से धोनी इस सीजन में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए।
वहीं अब फैंस के मन में सवाल है कि क्या एमएस धोनी अगले सीजन में खेलते हुए दिखाई देंगे। वहीं इस सवाल पर चेन्नई के कोच ने बड़ा रिएक्शन दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने कहा कि अगले आईपीएल सीजन में महेंद्र सिंह धोनी खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला सिर्फ वही करेंगे।
मैच के बाद बात करते हुए, एरिक सिमंस ने बताया कि धोनी ट्रेनिंग सेशन के दौरान शानदार लय में नजर आए। उन्होंने कहा, “आप मुझसे ये सवाल क्यों पूछ रहे हैं? हम तो हमेशा ही उम्मीद में रहते हैं। ईमानदारी से कहूं तो वह गेंद को अच्छे से मार रहे थे। उनके पैर में चोट थी, जिसकी वजह से वह ठीक से दौड़ नहीं पा रहे थे और इसी कारण वह खेल नहीं सके। लेकिन नेट्स में बल्लेबाजी करते समय वह उतने ही बेहतरीन दिखे, जितना मैंने उन्हें पहले कभी देखा हैं। आखिरकार, ये फैसला सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ही कर सकते हैं कि वह कब खुद को पूरी तरह तैयार महसूस करते हैं।”
पूरी तरह फिट होने पर खेलेंगे
एरिक सिमंस ने कहा कि धोनी सिर्फ तभी खेलेंगे, जब उन्हें लगेगा कि वह टीम के लिए पूरा योगदान दे सकते हैं। सिमंस ने कहा, “अगर धोनी को लगेगा कि वह तैयार नहीं हैं, तो वह बिल्कुल नहीं खेलेंगे। लेकिन अगर उन्हें भरोसा होगा कि वह फिट हैं और टीम के काम आ सकते हैं, तो जरूर खेलेंगे। वह हमेशा टीम के हित को अपने से ऊपर रखते हैं। टीम के साथ उनका होना ही खिलाड़ियों के लिए काफी खास रहा है।”
एरिक सिमंस ने कहा कि टीम को इस सीजन से काफी कुछ सीखने को मिला। सिमंस ने कार्तिक त्यागी और उर्विल पटेल जैसे युवा खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन टीम के लिए अच्छी बात रही। सिमंस ने कहा, “कार्तिक त्यागी जैसे खिलाड़ी ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। हम जानते हैं कि उनमें कितनी क्षमता है। वहीं उर्विल पटेल ने भी खुद को साबित किया है और हमें उनकी काबिलियत का अंदाजा है। इस टूर्नामेंट के बाद हमारी टीम ने खुद को एक यूनिट के तौर पर पहले से ज्यादा अच्छी तरह समझा है, जो आगे के लिए हमारे लिए काफी फायदेमंद रहेगा।”