आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। चेन्नई के दाएं हाथ के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग चोट की वजह से आईपीएल 2026 से बाहर हो गए। चेन्नई के लिए आयुष म्हात्रे का बाहर होना बड़ा झटका है, क्योंकि इस सीजन में वही टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। चेन्नई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। बता दें 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आयुष म्हात्रे को चोट लगी थी।
चोट के चलते आयुष म्हात्रे अब इस टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। वहीं पांच बार की चैंपियन टीम ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर किसी भी खिलाड़ी के नाम का ऐलान नहीं किया है।
पूरे सीजन से बाहर हुए आयुष
चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बयान में कहा, “आयुष म्हात्रे 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय बाएं हैमस्ट्रिंग में लगी चोट के कारण आईपीएल 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। आयुष की चोट के लिए 6-12 हफ्ते के रिहैबिलिटेशन पीरियड की जरूरत होगी। हम आयुष के जल्दी ठीक होने की दुआ करते हैं।” आयुष के बाहर होने से टीम मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ गई है। वहीं इससे पहले धोनी चोट की वजह से आईपीएल के कुछ मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आयुष म्हात्रे का बाहर होना बड़ा नुकसान माना जा रहा है, क्योंकि मुंबई का यह दाएं हाथ का बल्लेबाज इस समय शानदार फॉर्म में चल रहा था। उन्होंने इस सीजन के शुरुआती छह मैचों में कुल 201 रन बनाए थे और एमए चिदंबरम स्टेडियम में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबलों में क्रमशः 73 और 59 रन की अहम पारियां खेली थीं। अब उनकी गैरमौजूदगी में उर्विल पटेल को आईपीएल 2026 के बाकी मैचों में टीम के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी मिल सकती है।