IPL 2026: 'मुझे लगता है वह बिना सोचे-समझे शॉट...' आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा को लेकर इस खिलाड़ी ने की भविष्यवाणी

पिछले सीजन में रोहित शर्मा शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 15 पारियों में 418 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 149.28 रहा। वहीं डेल स्टेन ने रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर अपना रिएक्शन दिया है

अपडेटेड Mar 28, 2026 पर 4:35 PM
Story continues below Advertisement
पिछले सीजन में रोहित शर्मा शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे

मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में रविवार को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम का पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में होगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम ने आखिरी बार 2020 में ट्रॉफी जीती थी, लेकिन उसके बाद उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जिसमें दो बार टीम सबसे नीचे रही और दो बार प्लेऑफ तक पहुंची। वहीं आईपीएल में दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा पर सबकी नजरें होगी।

पिछले सीजन में रोहित शर्मा शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 15 पारियों में 418 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 149.28 रहा। वहीं साउथ अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी डेल स्टेन ने रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर अपना रिएक्शन दिया है।

रोहित बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे


डेल स्टेन के मुताबिक, रोहित शर्मा इस सीजन में आक्रामक खेल जरूर दिखाएंगे, लेकिन लापरवाही से नहीं खेलेंगे और हालात के अनुसार खुद को ढालेंगे। स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए डेल स्टेन ने कहा, “मुझे लगता है कि वह (रोहित) फोकस और आक्रामकता के साथ मैदान पर उतरेंगे, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में रहेंगे। यह बिना सोचे-समझे शॉट खेलने जैसा नहीं होगा, बल्कि समझदारी से खेला जाएगा और परिस्थितियों के अनुसार ढल जाएगा। इस सीजन में हम रोहित शर्मा का बेहतरीन प्रदर्शन देख सकते हैं।”

बाकि टीमों से दो कदम आगे टीम इंडिया

स्टेन ने आगे कहा, “आप इसे उनकी फिटनेस में देख सकते हैं और माहौल में भी महसूस किया जा सकता है। भारत में क्रिकेट हमेशा जोश से भरा रहता है, लेकिन अब भारतीय क्रिकेट एक जीतने वाली सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। पूरी दुनिया इस बदलाव को देख रही है और भारत बाकी टीमों से दो कदम आगे नजर आ रहा है।”

रोहित के लिए आईपीएल अच्छा मौका

डेल स्टेन का माना कि रोहित शर्मा के टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बाद अब वह आईपीएल को अपनी काबिलियत दिखाने का सबसे अच्छा मंच मान रहे हैं। स्टेन ने कहा, “रोहित अब पहले की तरह तीनों फॉर्मेट में नियमित नहीं खेलते, इसलिए वह आईपीएल का इस्तेमाल अपनी स्किल्स दिखाने और सभी को याद दिलाने के लिए कर रहे हैं कि वह अभी भी टॉप खिलाड़ी हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “ये उनका समय है, दो महीने तक भारत को दिखाने का कि वह विराट कोहली और अन्य अनुभवी खिलाड़ियों के साथ सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में शामिल हैं। वानखेड़े में क्विंटन डी कॉक के साथ ओपनिंग करते हुए और शायद रयान रिकलटन के साथ भी, रोहित शर्मा जोरदार प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। यह काफी रोमांचक होने वाला है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।