आईपीएल 2026 का 14वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला 8 अप्रैल को शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। डीसी की टीम अपने होम ग्राउंड पर जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी। वहीं गुजरात की टीम को अपनी पहली जीत की तलाश है। वहीं इस मैच में फैंस का ध्यान मौसम पर भी रहेगा। क्योंकि इस हफ्ते बारिश ने कई मुकाबलों का मजा खराब किया है।
पिचले दो मुकाबलों में बारिश ने डाला खलल
बता दें, 6 अप्रैल को कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स का मैच बिना खेले ही रद्द हो गया था। वहीं मंगलवार को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस का मैच बारिश की वजह से छोटा करके 11-11 ओवर का करना पड़ा। ऐऐसे में मौसम आने वाले मैच पर भी असर डाल सकता है। जानें कैसा होगा दिल्ली का मौसम
मंगलवार दोपहर से लेकर देर रात तक दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश हुई है। वहीं बुधवार को नई दिल्ली के क्रिकेट फैंस के लिए राहत की खबर है, क्योंकि शाम तक मौसम बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। दोपहर करीब 4 बजे हल्की बारिश और बादलों के साथ गरज हो सकती है, लेकिन मैच शुरू होने के समय यानी शाम 7:30 बजे तक आसमान साफ होने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला बिना किसी बड़ी रुकावट के होने की उम्मीद की जा रही है।
बुधवार की शाम नई दिल्ली में मौसम काफी सुहावना रहने की संभावना है। तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे हल्की ठंड महसूस होगी। आसमान में बहुत कम, लगभग 3 प्रतिशत बादल रहने की उम्मीद है और नमी का स्तर करीब 64 प्रतिशत रह सकता है, जिससे मौसम संतुलित और मैच के लिए अनुकूल बना रहेगा।
अगर बारिश की वजह से मैच नहीं हो पाता, तो गुजरात टाइटन्स भी कोलकाता नाइट राइडर्स के बाद इस सीजन में बिना खेले अंक हासिल करने वाली दूसरी टीम बन सकती है।