Credit Cards

DC vs MI Highlights: तीन गेंद और तीन रन आउट...मुंबई ने हारते हुए मैच में ऐसे पलटा पासा, करुण नायर की पारी गई बेकार

DC vs MI Highlights: मुकाबले का सबसे रोमांचक पल 19वें ओवर में आया। अंतिम के दो ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को 12 गेंद पर 23 रन चाहिए थे। 19वां ओवर में जसप्रीत बुमराह बॉलिंग करने आए। आशुतोष शर्मा ने बुमराह के खिलाफ शुरुआती 3 गेंदों पर 2 चौके लगा दिए। चौथी गेंद पर आशुतोष दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। पांचवीं गेंद पर कुलदीप यादव और आखिरी गेंद पर मोहित शर्मा ने सिंगल लेने की कोशिश मे रन आउट हो गए

अपडेटेड Apr 14, 2025 पर 12:16 AM
Story continues below Advertisement
DC vs MI Highlights: रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली को 12 रनों से हराया

DC vs MI Highlights: आईपीएल 2025 का 29वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया। आखिरी ओवर तक चलने वाले रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने जीत दर्ज की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में 205 रन बनाए। मुंबई ने दिल्ली को 206 रनों का टारगेट दिया। दिल्ली 19 ओवर में 193 रन पर ऑल आउट हो गई।

मुंबई ने इस मुकाबले को 12 रनों से अपने नाम किया है। 19वें ओवर में मुंबई ने एक-एक करके तीन विकेट गिराए। बता दें कि दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया।

19वें ओवर का रोमांच


बता दें कि इस मुकाबले का सबसे रोमांचक पल 19वें ओवर में आया। अंतिम के दो ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को 12 गेंद पर 23 रन चाहिए थे। 19वां ओवर में जसप्रीत बुमराह बॉलिंग करने आए। आशुतोष शर्मा ने बुमराह के खिलाफ शुरुआती 3 गेंदों पर 2 चौके लगा दिए। चौथी गेंद पर आशुतोष दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। पांचवीं गेंद पर कुलदीप यादव और आखिरी गेंद पर मोहित शर्मा ने सिंगल लेने की कोशिश मे रन आउट हो गए। 19वें ओवर के अंतिम तीन गेंदों में तीन रन आउट हुए और मैच को मुंबई ने अपने नाम कर लिया।

मुंबई ने बनाया था बड़ा स्कोर

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस को 5वें ओवर में पहला झटका लगा। रोहित शर्मा 12 गेंदों पर 18 रन बनाकर विप्रज निगम की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद रयान रिकेल्टन और सूर्यकुमार यादव ने पारी को आगे बढ़ाया। 8वें ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर रयान रिकेल्टन 25 गेंदों में 41 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हुए। इस समय मुंबई का स्कोर 79 रन पर दो विकेट था। 14वें ओवर में मुंबई को तीसरा झटका लगा। कुलदीप यादव की गेंद पर सूर्यकुमार यादव 28 गेंदों पर 40 रन बनाकर आउट हुए। 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 138 रन बना लिए थे।

मुंबई की ओर से तिलक वर्मा ने 26 गेंदों में शानदार फिफ्टी लगाई। अपनी पारी के दौरान 3 छक्के और 5 चौके लगाए। नमन धीर 17 गेंदों पर 38 रन और विल जैक्स 1 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारियों की मदद से मुंबई ने 20 ओवर में 205 रन बनाए।

करुण नायर की धाकड़ पारी

टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दीपक चाहर की पहली ही गेंद पर जेक फ्रेजर-मैकगर्क बिना खाता खोले वापल पवेलियन लौट गए। इसके बाद दिल्ली की पारी को करुण नायर और अभिषेक पोरेल ने संभाला। करुण नायर ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ फिफ्टी लगाई। इस दौरान करुण ने 2 छक्के और 8 चौके लगाए। 6 ओवर में दिल्ली का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 72 रन बनाए। दिल्ली को 11वें ओवर में दूसरा झटका लगा। ताबड़तोड़ पारी खेल रहे अभिषेक पोरेल 25 गेंदों में 33 रन बनाकर कर्ण शर्मा की गेंद पर आउट हुए।

दिल्ली को सबसे बड़ा झटका करुण नायर के रूप में लगा। मिशेल सेंटनर की गेंद पर करुण नायर क्लीन बोल्ड हुए। करुण नायर 40 गेंदों पर 89 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दिल्ली के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए और बैक-टू-बैक उनके विकेट गिरते गए।

DC vs MI Highlights Score IPL 2025: रन आउट के करिश्मे से जीती मुंबई, रोमांचक मुकाबले में दिल्ली को 12 रनों से दी मात

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।