GT vs RR: वैभव सूर्यवंशी से खौफ में हैं गुजरात के गेंदबाज? गुजरात टाइटंस के कोच ने कही ये बात

GT vs RR: आईपीएल 2026 का क्वालिफायर-2 मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच 29 मई को खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने वैभव को लेकर बड़ा बयान दिया है

अपडेटेड May 28, 2026 पर 10:05 PM
Story continues below Advertisement
अब राजस्थान रॉयल्स का सामना 29 मई को गुजरात टाइटंस से होगा

आईपीएल 2026 की शुरुआत से ही राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चर्चा में बने हुए हैं। वैभव ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की धमाकेदार पारी खेली और अपनी टीम को क्वालिफायर-2 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं अब राजस्थान रॉयल्स का सामना 29 मई को गुजरात टाइटंस से होगा। मैच से पहले गुजरात टाइटंस के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने वैभव के उम्र को लेकर उठ रहे सवालों पर अपना रिएक्शन दिया है।

पार्थिव पटेल ने क्या कहा

पार्थिव पटेल ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, वैभव सूर्यवंशी को उनकी उम्र से नहीं, बल्कि उनके शानदार खेल से पहचाना जाना चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उम्मीद है क्वालिफायर-2 में वैभव उनकी टीम के लिए ज्यादा मुश्किलें खड़ी नहीं करेंगे। पार्थिव पटेल ने कहा, "जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहा है, उसे देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। हमें उसकी उम्र के बारे में बात नहीं करनी चाहिए। मुझे लगता है कि अब इस चर्चा को खत्म करने की जरूरत है।" उन्होंने आगे कहा, "वह शानदार टैलेंट है और जिस अंदाज में खेल रहा है, उसे देखना काफी अच्छा लगता है। विरोधी टीम के नजरिए से हम बस यही उम्मीद करेंगे कि कल वह ज्यादा परेशानी न पैदा करे।"


गुजरात हल्के में नहीं लेगी वैभव को

गुजरात टाइटंस अच्छी तरह जानती है कि वैभव सूर्यवंशी कितना खतरनाक बल्लेबाज साबित हो सकता है। वैभव पहले भी सिर्फ 35 गेंदों में नाबाद 101 रन की तूफानी पारी खेल चुके हैं। इसी वजह से गुजरात टाइटंस की टीम उन्हें हल्के में लेने के मूड में नहीं है। टीम के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने कहा कि उनकी टीम ने इस युवा बल्लेबाज को रोकने के लिए कई अलग-अलग योजनाएं तैयार की हैं, ताकि वह मैच में बड़ा असर न डाल सके।

वैभव के उम्र को लेकर उठे से सवाल

वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 15 मैचों में 242.86 के शानदार स्ट्राइक रेट से 680 रन बनाए हैं। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को देखकर कई लोग हैरान हैं कि क्या वह सच में सिर्फ 15 साल के हैं। पिछले सीजन में आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद भी उनकी उम्र को लेकर चर्चा हुई थी, जिस पर वैभव के पिता ने उम्र में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज किया था। वहीं कई लोग इस युवा खिलाड़ी के टैलेंट की सराहना करते हुए उसे बेवजह की बहस से दूर रखने की बात भी कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।