GT vs RR Qualifier 2: तो वैभव सूर्यवंशी की राजस्थान हो जाएगी बाहर, गुजरात को मिलेगा फाइनल का टिकट...जानें कैसे
Gujarat Titans vs Rajasthan Royals Prediction: वैभव सूर्यवंशी इस सीजन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से लगातार रिकॉर्ड बना रहे हैं। उन्होंने आईपीएल के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो पहले कई वर्षों से कायम था। अब तक वैभव 65 छक्के जड़ चुके हैं और क्वालिफायर-2 में भी उनसे बड़े शॉट्स की उम्मीद की जा रही है
GT vs RR: आईपीएल में क्वालीफायर-2 का मुकाबला गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा
आईपीएल 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव से बस दो कदम दूर है। आईपीएल का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा, आरसीबी की टीम पहले ही फाइनल में अपनी जगह बना ली है। वहीं फाइनल का टिकट कटाने के लिए 29 मई को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीम क्वालीफायर-2 में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला मुल्लांपुर में खेला जाएगा। क्वालिफायर-2 मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
गुजरात के तेज गेंदबाज टीम को जीत दिलाने की कोशिश करेंगे, जबकि राजस्थान के बल्लेबाज बड़े रन बनाने के इरादे से उतरेंगे। गुजरात के लिए ये मैच बेहद अहम है, क्योंकि पिछले मैच में टीम को आरसीबी के खिलाफ 92 रन से हार झेलनी पड़ी थी। अब गुजरात की टीम उस हार को भूलकर जीत के साथ फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं राजस्थान की टीम अपना पिछला मुकाबला जीतकर यहां आई है। एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान ने हैदराबाद को मात दी थी। अब दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर फाइनल में अपनी सीट पक्की करना चाहेंगी।
इन गेंदबाजों पर होगी नजर
गुजरात टाइटंस ने अपने डेब्यू सीजन 2022 में ही आईपीएल ट्रॉफी जीतकर सभी को प्रभावित किया था। इस टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत तेज गेंदबाजी मानी जाती है। अनुभवी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करते हैं, जबकि मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ी उनका अच्छा साथ देते हैं। इन गेंदबाजों की वजह से गुजरात किसी भी बल्लेबाजी क्रम को दबाव में डालने की क्षमता रखती है।
वैभव की आतिशी पारी
राजस्थान रॉयल्स पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में उतर रही है, क्योंकि टीम ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। उस मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 12 शानदार छक्के शामिल थे। वैभव ने हैदराबाद के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह दबाव में ला दिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
वैभव ने बनाया ये रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी इस सीजन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से लगातार रिकॉर्ड बना रहे हैं। उन्होंने आईपीएल के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो पहले कई वर्षों से कायम था। अब तक वैभव 65 छक्के जड़ चुके हैं और क्वालिफायर-2 में भी उनसे बड़े शॉट्स की उम्मीद की जा रही है।
गुजरात को मिलेगा फाइनल का टिकट!
अगर राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच क्वालीफायर 2 मैच बारिश या किसी अन्य कारण से रद्द हो जाता है। ऐसे में गुजरात टाइटंस फाइनल में चली जाएगी और राजस्थान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
मुल्लांपुर की पिच से बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलने की उम्मीद है। शुरुआत में पिच पर मौजूद हल्की घास और अच्छी उछाल तेज गेंदबाजों को फायदा पहुंचा सकती है, जिससे नई गेंद के साथ स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकता है। हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा और गेंद पुरानी होगी, बल्लेबाजी करना आसान हो जाएगा। ऐसे में बड़े शॉट खेलने वाले बल्लेबाज खुलकर रन बना सकते हैं। इस मुकाबले में रनों की अच्छी बारिश होने और हाई-स्कोरिंग मैच देखने की संभावना है।
क्या बारिश डालेगी मुकाबले में खलल?
राजस्थान और गुजरात के बीच क्वालीफायर-2 मुकाबला मुल्लांपुर के मैदान पर खेला जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दिन आसमान में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। दिन के समय गर्मी का असर रहेगा और तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैच के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश से खेल में किसी तरह की रुकावट आने के आसार नहीं हैं।