GT vs RR Eliminator: आईपीएल 2026 का क्वालिफायर-2 मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जाएगा। राजस्थान की टीम पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर यहां आई है। वहीं गुजरात टाइटंस की टीम पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हराकर यहां आई है। दोनों ही टीमों के लिए ये करो या मरो का मुकाबला है। हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। वहीं जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से भिड़ेगी।
गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच ये मुकाबला 29 मई को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले जानें कैसी होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाला मुकाबला काफी रोमांचक माना जा रहा है। इस सीजन दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ अपने-अपने अवे मैच जीतकर बराबरी का मुकाबला दिखाया है। राजस्थान ने अहमदाबाद में जीत हासिल की थी, जबकि गुजरात ने जयपुर में उसका जवाब दिया। वहीं पिछले मैच में 29 गेदों में 97 रन बनाने वाले वैभव को गुजरात की टीम जल्दी ही आउट करना चाहेगी।
प्लेऑफ में दोनों टीमों का प्रदर्शन
गुजरात टाइटंस इस मैच में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से क्वालिफायर-1 में 92 रन की हार के बाद उतर रही है। वहीं राजस्थान रॉयल्स इस मुकाबले में लगातार तीन जीत के बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरने वाली है। टीम ने एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर शानदार प्रदर्शन किया था। खास बात यह है कि मुलनपुर के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है, जहां टीम अब तक खेले गए सभी चार मुकाबले जीत चुकी है।
दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक कुल 10 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी रहा है। गुजरात ने 7 मैच अपने नाम किए हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स को सिर्फ 3 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक कोई मैच टाई नहीं हुआ और न ही कोई मुकाबला बिना नतीजे के खत्म हुआ है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
गुजरात टाइटन्स की संभावित प्लेइंग 11
साई सुदर्शन, शुभमन गिल (C), जोस बटलर (WK), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर: राहुल तेवतिया
राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दसुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यशराज पुंजा
इम्पैक्ट प्लेयर: सुशांत मिश्रा/शुभम दुबे
बल्लेबाज या गेंदबाज किसे मिलेगा फायदा
न्यू चंडीगढ़ की महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच इस सीजन बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार साबित हुई है। न्यू चंडीगढ़ में अब तक खेले गए पांच मुकाबलों में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 220 रन रहा है। इस मैदान पर 223 रन का बड़ा लक्ष्य भी आसानी से हासिल किया जा चुका है। हालांकि नॉकआउट मुकाबले के दबाव को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है, क्योंकि यहां बड़े स्कोर का पीछा करना ज्यादा मुश्किल नहीं माना जा रहा।