GT vs SRH Highlights: आईपीएल 2025 का 51वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले गेंदबाजी का फैसला सनराइजर्स के हक में नहीं गया। गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 224 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। गुजरात की ओर से शुभमन गिल (76), साई सुदर्शन (48) और जोस बटलर ने 64 रन की पारी खेली। 225 रनों के पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम 186 रन ही बना पाई।इस मैच को गुजरात ने 38 रन से अपने नाम किया। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ के लिए अपनी स्थिति और भी मजबूत कर ली है।
आईपीएल 2025 में GT ने अबतक खेले 11 मैचों में 7 में जीत और 3 में हार मिली है। तो वहीं SRH को 10 मैचों में 3 में जीत और 7 में हार मिली है। पॉइंट्स टेबल में गुजरात 10 मैचों में 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है तो वहीं हैदराबाद 10 मैचों में 6 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है।
गिल और साई सुदर्शन का कमाल
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम ने शानदार शुरुआत की। ओपनर शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने मिलकर तेजी से रन बनाए। इस दौरान साई सुदर्शन ने लगातार चौके लगाए और 20 गेंदों में 45 रन बना लिए थे। पावरप्ले खत्म होने तक गुजरात का स्कोर 82 रन था और कोई विकेट नहीं गिरा था। 7वें ओवर में गुजरात को पहला झटका लगा। साई सुदर्शन 48 रन बनाकर आउट हुए। उस समय टीम का स्कोर 89 रन था। शुभमन गिल ने अच्छी बल्लेबाजी जारी रखी और 25 गेंदों में अर्धशतक (50 रन) पूरा किया। 13वें ओवर में शुभमन गिल 76 रन बनाकर रन आउट हो गए। तब गुजरात का स्कोर 155 रन पर 2 विकेट था।
इसके बाद जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। जोस बटलर ने 17वें ओवर में फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 31 बॉल पर अर्धशतक बनाया। यह बटलर की मौजूदा सीजन में 5वीं फिफ्टी है। बटलर ने 64 रन बनाए, लेकिन 19वें ओवर में पैट कमिंस की गेंद पर वह आउट हो गए। आखिरी ओवर में जयदेव उनादकट ने कमाल की गेंदबाजी की और 3 विकेट लिए। वाशिंगटन सुंदर (21 रन), राहुल तेवतिया (6 रन) और राशिद खान (0 रन) जल्दी-जल्दी आउट हो गए। अंत में गुजरात की टीम ने 6 विकेट खोकर 224 रन बनाए और हैदराबाद को 225 रन का बड़ा लक्ष्य दिया। हैदराबाद के गेंदबाजों में जयदेव उनादकट ने 3 विकेट लिए, जबकि पैट कमिंस और जीशान अंसारी को 1-1 विकेट मिला।
ट्रेविस हेड का फिर नहीं चला बल्ला
225 रनों का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत भी काफी सधी हुई रही। ओपनर अभिषेक शर्मा ने छक्के के साथ अपना खाता खोला। गुजरात की तरफ से पहला ओवर मोहम्मद सिराज ने डाला, जिसमें हैदराबाद ने 15 रन बनाए। 4 ओवर खत्म होने तक टीम बिना विकेट खोए 45 रन तक पहुंच गई थी। ट्रेविस हेड ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए, लेकिन पांचवें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हो गए। पावरप्ले के खत्म होने तक टीम ने 58 रन बना लिए थे। इस समय अभिषेक शर्मा 29 रन और ईशान किशन 4 रन बनाकर खेल रहे थे।
10वें ओवर में हैदराबाद ने दूसरा विकेट गंवाया। यहां ईशान किशन 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जेराल्ड कूट्जी ने प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराया। 10 ओवर के बाद स्कोर था 2 विकेट पर 85 रन था। वहीं अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 15वें ओवर में हैदराबाद को तीसरा झटका लगा, जब अभिषेक शर्मा 41 गेंदों में 74 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर आउट हो गए।
17वें ओवर में हैदराबाद को बैक-टू-बैक झटके लगे। मोहम्मद सिराज की गेंद पर अनिकेत वर्मा 3 रन और कामिंडू मेंडिस बिना खाता खोले आउट हुए। आखिरी ओवर में हैदराबाद को जीत के लिए 6 गेंदों पर 44 रन की जरूरत है। पैट कमिंस और नीतीश कुमार रेड्डी क्रीज पर मौजूद थे। आखिरी ओवर में हैदराबाद मात्र 5 रन बना पाई। हैदराबाद की पूरी टीम 20 ओवर में 186 रन ही बना पाई और ये मुकाबला गुजरात ने 38 रन से जीत लिया।