IPL 2026 Playoffs: आईपीएल 2026 में अब तक कई रोमांचक मुकाबले खेले जा चुके हैं। आईपीएल का टूर्नामेंट अब धीरे-धीरे अपने प्लेऑफ की ओर बढ़ रहा है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली हैं। वहीं अब लड़ाई आखिरी स्पॉट के लिए हो रही है। सनराइजर्स हैदराबाद से मिली हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें काफी मुश्किल हो गई हैं। आइए जानते हैं चेन्नई कैसे कर सकती है क्वालिफाई।
कैसे कर सकती है चेन्नई क्वालीफाई
चेन्नई सुपर किंग्स को प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए 21 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना आखिरी लीग मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। अगर चेन्नई ये मुकाबला हार जाती है, तो टीम 12 अंकों पर ही रह जाएगी और प्लेऑफ की दौड़ से पूरी तरह बाहर हो जाएगी। अगर चेन्नई अपना आखिरी मैच जीत जाती है, तो टीम के 14 अंक हो जाएंगे और उसकी प्लेऑफ की उम्मीद बनी रहेगी। इसके बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरी टीमों के नतीजों पर नजर रखनी होगी। टीम को गुजरात टाइटंस के खिलाफ बड़े अंतर से जीत चाहिए, ताकि नेट रन रेट बेहतर हो सके।
ये टीमें भी हार जाएं अपना आखिरी मुकाबला
चेन्नई सुपर किंग्स अगर 14 अंक तक पहुंचती है, तब भी टीम को प्लेऑफ में जाने के लिए दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। चेन्नई चाहेगी कि पंजाब किंग्स अपने आखिरी मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स से हार जाए। वहीं चेन्नई चाहेगी कि राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स अपने बाकी मैच हारें या 14 अंकों से आगे न बढ़ें। अगर राजस्थान 16 या कोलकाता 15 अंक तक पहुंच गया, तो चेन्नई की मुश्किल बढ़ जाएगी। फिलहाल राजस्थान के 12 अंक हैं और उसके दो मैच बाकी हैं, जबकि कोलकाता के 11 अंक हैं और उसे भी अभी दो मुकाबले खेलने हैं।
अगर प्लेऑफ की आखिरी जगह के लिए कई टीमें 14 अंकों पर बराबरी पर रहती हैं, तो फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद से मिली हार के कारण चेन्नई सुपर किंग्स का नेट रन रेट कमजोर हो गया है। ऐसे में चेन्नई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, साथ ही यह उम्मीद भी करनी होगी कि बाकी मुकाबलों में दूसरी टीमों को भारी हार मिले।