RCB vs SRH: आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत आज 28 मार्च से होने वाली है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी, वहीं पैट कमिंस के बिना सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी। इस मैच में रजत पाटीदार बेंगलुरु की कप्तानी संभालेंगे, जबकि हैदराबाद की कमान ईशान किशन के हाथों में होगी। वहीं, पैट कमिंस अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं, जिससे टीम की रणनीति पर असर पड़ सकता है।
2025 में पहली बार खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन में उसी शानदार फॉर्म को जारी रखना चाहेगी। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद पिछली बार के खराब प्रदर्शन को पीछे छोड़कर इस बार बेहतर खेल दिखाने के इरादे से मैदान में उतरेगी, क्योंकि पिछले सीजन में टीम छठे स्थान पर रही थी। आइए जानते हैं कब और कहां पर देखें आईपीएल का पहला मुकाबला
इन गेंदबाजों के बिना उतर रही आरसीबी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को इस बार अपने दो अहम तेज गेंदबाजों की कमी खलेगी, क्योंकि जोश हेजलवुड और यश दयाल शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। हेज़लवुड अभी ऑस्ट्रेलिया में चोट से उबर रहे हैं और बाद में टीम से जुड़ सकते हैं, जबकि दयाल पूरे सीजन से बाहर हैं। ऐसे में टीम की गेंदबाजी की जिम्मेदारी भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या, सुयश शर्मा और युवा गेंदबाज मंगेश यादव पर रहेगी।
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद भी शुरुआत में अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस के बिना खेलेगी और टीम की कमान ईशान किशन संभालेंगे। हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी में ब्रायडन कार्से, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और हर्ष दुबे जैसे खिलाड़ी हैं, लेकिन आसान बल्लेबाजी पिचों पर इन्हें मुश्किल हो सकती है।
इन बल्लेबाजों पर होगी नजर
ऐसे में दोनों टीमों के लिए मैच का नतीजा काफी हद तक उनकी बल्लेबाजी पर निर्भर करेगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ताकत विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार, टिम डेविड, जैकब बेथेल और रोमारियो शेफर्ड जैसे बल्लेबाज हैं। वहीं, हैदराबाद के पास ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे खतरनाक बल्लेबाज मौजूद हैं, जो मैच का रुख बदल सकते हैं।
कहां खेला जाएगा ये मुकाबला
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच ये बड़ा मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मैच शनिवार, 28 मार्च को होगा, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार है।
कितने बजे शुरू होगा मुकाबला
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाला मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस इससे आधा घंटा पहले यानी 7:00 बजे किया जाएगा।
कहां पर देखें ऑनलाइन मुकाबला
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मुकाबले को दर्शक टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के जरिए लाइव देख सकते हैं। वहीं, मोबाइल या ऑनलाइन देखने के लिए यह मैच जियोहॉटस्टार ऐप पर स्ट्रीम किया जाएगा, जिससे फैंस कहीं भी आसानी से इसका आनंद ले सकेंगे।