आईपीएल 2026 में अब तक हुए मुकाबलों में राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों का आतंक देखने को मिला है। राजस्थान के दो युवा बल्लेबाजों का खौफ ऐसा कि मानो मैच नहीं, चौकों-छक्कों की बारिश शुरू हो गई है। एक तरफ वैभव सूर्यवंशी तो दूसरी तरफ यशस्वी जायसवाल। वहीं राजस्थान के इस सुपरफास्ट बल्लेबाजों वाली टीम को दो युवा गेंदबाजों ने तहस-नहस कर दिया। अपने डेब्यू ही मैच में एक गेंदबाज ने एक ही ओवर में तीन विकेट झटके तो दूसरे ने तीन विकेट लेकर राजस्थान को सीजन की पहली हार का स्वाद चखाया।
आज इन दोनों गेंदबाजों का नाम हर किसी के जुबान पर है पर दोनों ही गेंदबाजों की कामयाबी के पीछे उनके कड़े मेहनत और संघर्ष की कहानी है। आइए जानते हैं प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन की कहानी।
बिहार के साधारण परिवार से आते हैं साकिब
बिहार के गोपालगंज के रहने वाले साकिब हुसैन का सफर काफी संघर्ष भरा रहा है। उनका परिवार साधारण था और उनके पिता खेती करके घर चलाते थे। साकिब को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ा है। साकिब ने शुरुआत में सेना में जाकर देश की सेवा करना चाहते थे। इसी दौरान जब वह एक स्टेडियम में रोज सुबह दौड़ने जाते थे, तब उनकी तेज गेंदबाजी पर कोच की नजर पड़ी। यहीं से उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरणा मिली और उन्होंने इस खेल को ही अपना करियर बना लिया।
जूते खरीदने के नहीं थे पैसे
इसके बाद साकिब हुसैन ने टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलना शुरू किया और स्थानीय मैचों में खेलकर थोड़ी-बहुत कमाई करने लगे। फिर उन्होंने क्रिकेट में अपना करियर बनाने का फैसला कर लिया। हालांकि आर्थिक तंगी की वजह से उनके पास करीब 10 से 15 हजार रुपये के महंगे बॉलिंग स्पाइक्स खरीदने के पैसे नहीं थे। फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मेहनत जारी रखी।
साकिब हुसैन ने अपनी पुरानी टीम केकेआर के एक वीडियो में बताया कि, हालात इतने खराब थे कि “हम लोग अगर जूते खरीदेंगे तो खाएंगे कहां से?”। एक बार हालात से परेशान होकर वह अपनी मां के सामने रो पड़े, जिसके बाद उनकी मां ने अपने गहने बेच दिए, ताकि साकिब के लिए बॉलिंग स्पाइक्स खरीदे जा सकें और उनका सपना आगे बढ़ सके।
साकिब हुसैन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के लिए खेलते हुए पहचान बनाई, जहां उनकी तेज गेंदबाजी पर चेन्नई सुपर किंग्स के स्काउट की नजर पड़ी और उन्हें नेट बॉलर बनने का मौका मिला। बाद में आईपीएल 2025 ऑक्शन में अनसोल्ड रहे। इसके बाद साकिब को ऑक्शन में केकेआर ने उनके बेस प्राइस पर खरीद लिया। उनके हालांकि पिछले सीजन में उन्हें टीम की ओर से खेलने का मौका नहीं मिला और बाद में फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया। आईपीएल मिनी ऑक्शन में साकिब हुसैन को सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में शामिल किया
आईपीएल में अपने डेब्यू मैच में प्रफुल्ल हिंगे शानदार प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र के नागपुर में रहने वाले प्रफुल्ल हिंगे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ की ओर से खेलते हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया था। प्रफुल्ल ने आईपीएल में डेब्यू से पहले उन्होंने सिर्फ एक टी20 मैच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में विदर्भ की ओर से खेला था, जिसमें उन्होंने 1 विकेट लिया था। इसके बाद उन्होंने लिस्ट-ए और रणजी क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और विदर्भ की खिताबी जीत में योगदान दिया। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने शुरुआती सीजन में 11 विकेट लिए, जबकि अगले सीजन में 16 विकेट झटके। इसके अलावा विदर्भ प्रो टी20 लीग में भी उनकी गेंदबाजी प्रभावशाली रही, जिससे आईपीएल टीमों का ध्यान उनकी ओर गया।