IPL 2026 Playoff Scenario: प्लेऑफ में अब भी जा सकती है मुंबई! रोमांचक हुई अंतिम चार की लड़ाई...जानें सारी टीमों का हाल

IPL 2026 Playoffs: आईपीएल 2026 धीरे-धीरे प्लेऑफ के करीब पहुंच चुका है और सभी टीमें टॉप-4 में अपनी जगह बनाने के लिए जोर लगा रही हैं। सभी 10 टीमों के सामने पॉइंट्स बढ़ाने के साथ-साथ नेट रन रेट सुधारने की भी बड़ी चुनौती है। जानें कौन सी टीम प्लेऑफ की रेस में सबसे आगे हैं

अपडेटेड May 06, 2026 पर 3:54 PM
Story continues below Advertisement
अभी सभी दस टीमें प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं

IPL 2026 Playoffs: आईपीएल 2026 धीरे-धीरे अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। टूर्नामेंट प्लेऑफ मुकाबलों की ओर बढ़ रहा है। ज्यादातर टीमों ने अपने लीग चरण के 14 मुकाबलों में से 9 से 10 मैच खेल लिए हैं और अब हर मैच काफी अहम बन गया है। वहीं अभी सभी दस टीमें के बीच प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं। पंजाब किंग्स फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शानदार प्रदर्शन के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। प्वाइंट्स टेबल में तीसरे और चौथे स्थान की लड़ाई काफी रोमांचक हो गई है। सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए कड़ा मुकाबला चल रहा है।

सभी 10 टीमों के सामने पॉइंट्स बढ़ाने के साथ-साथ नेट रन रेट सुधारने की भी बड़ी चुनौती है। टूर्नामेंट जैसे-जैसे आखिरी दौर में पहुंच रहा है, वैसे-वैसे हर रन, विकेट और बाउंड्री टीमों की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों पर बड़ा असर डाल रही है। जानें कौन सी टीम प्लेऑफ की रेस में सबसे आगे हैं।

पंजाब किंग्स


पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के लिए अपने बाकी पांच मैचों में सिर्फ दो जीत की जरूरत है। अगर टीम 17 अंक तक पहुंच जाती है तो उसका आगे बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है। पंजाब का नेट रन रेट भी प्लस 0.855 है, जो बाकी टीमों के मुकाबले उसे मजबूत स्थिति में रखता है। वहीं अगर दूसरे मैचों के नतीजे भी उसके पक्ष में रहे, तो टीम एक जीत के साथ भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अपने बाकी मुकाबलों में दो या तीन जीत हासिल करनी होंगी, जिससे टीम 16 या 18 अंक तक पहुंच सके। बेंगलुरु का नेट रन रेट प्लस 1.420 है। शानदार नेट रन रेट की वजह से अगर बाकी मैचों के कुछ नतीजे टीम के पक्ष में जाते हैं, तो आरसीबी 14 अंकों के साथ भी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकती है।

सनराइजर्स हैदराबाद

सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए अपने बाकी चार मैचों में से कम से कम दो जीत दर्ज करनी होंगी, जिससे टीम 16 अंकों तक पहुंच सके। टीम का नेट रन रेट भी प्लस 0.644 है, जो उसे मजबूत स्थिति में बनाए हुए है। सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी इस सीजन में शानदार रही है और यही वजह है कि उसका नेट रन रेट काफी अच्छा बना हुआ है। अगर कई टीमें बराबर अंकों पर खत्म करती हैं, तो यह नेट रन रेट टीम के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकता है।

राजस्थान रॉयल्स

राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी मुकाबलों में दो जीत हासिल करनी होंगी, जिससे टीम 16 अंकों तक पहुंच सके। हालांकि, सीजन के बीच में टीम का प्रदर्शन थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा है। राजस्थान का नेट रन रेट फिलहाल प्लस 0.510 है और प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए टीम को इसे बेहतर बनाए रखना होगा, ताकि वह अंक तालिका में पीछे चल रही टीमों से आगे रह सके।

गुजरात टाइटंस

गुजरात टाइटंस अंक तालिका में टॉप चार टीमों के बराबर अंक पर है, लेकिन टीम का नेट रन रेट अभी नेगेटिव में है। प्लेऑफ की रेस में मजबूत स्थिति बनाने के लिए गुजरात को अपने बाकी चार मैचों में से कम से कम दो मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे। साथ ही टीम को अपना नेट रन रेट भी सुधारना होगा, ताकि वह राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी टीमों से आगे निकल सके।

चेन्नई सुपर किंग्स

चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अपने बाकी चार मैचों में से कम से कम तीन जीत दर्ज करनी होंगी, जिससे टीम 16 अंकों तक पहुंच सके। चेन्नई का नेट रन रेट फिलहाल प्लस 0.151 है, जो आगे चलकर टीम के लिए अहम साबित हो सकता है। अगर अंत में कई टीमें 14 या 16 अंकों पर बराबरी पर रहती हैं, तो नेट रन रेट ही प्लेऑफ का फैसला करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।

दिल्ली कैपिटल्स

दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल हो गई है। टीम को 16 अंकों तक पहुंचने के लिए अपने बाकी सभी मुकाबले जीतने होंगे, क्योंकि अब उसके पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं बची है। अगर दिल्ली एक भी मैच हारती है, तो उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं टीम का नेट रन रेट माइनस 0.949 है, जो प्लेऑफ की रेस में उसके लिए बड़ी परेशानी बन सकता है।

कोलकाता नाइट राइडर्स

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचना अब काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है। टीम को 17 अंकों तक पहुंचने के लिए अपने बाकी सभी पांच मैच जीतने होंगे। इसके अलावा कोलकाता का नेट रन रेट माइनस 0.539 है, जो उसकी मुश्किलें और बढ़ा रहा है। अगर टीम चार मैच भी जीतती है और 15 अंक तक पहुंचती है, तब भी मजबूत प्रतिस्पर्धा की वजह से प्लेऑफ में जगह पक्की होना आसान नहीं होगा।

मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचना अब बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। टीम ज्यादा से ज्यादा 14 अंकों तक ही पहुंच सकती है, इसलिए उसे अपने बाकी सभी मैच जीतने होंगे। इसके साथ ही मुंबई को ये भी उम्मीद करनी होगी कि 12 अंकों पर मौजूद दूसरी टीमें अपने ज्यादातर मुकाबले हार जाएं। वहीं टीम का नेगेटिव नेट रन रेट भी उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों के बीच बड़ी बाधा बना हुआ है।

लखनऊ सुपर जायंट्स

लखनऊ सुपर जायंट्स की आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अब लगभग खत्म होती नजर आ रही हैं। टीम अगर अपने बाकी सभी पांच मुकाबले जीत भी लेती है, तब भी उसका खराब नेट रन रेट उसके लिए बड़ी परेशानी बना रहेगा। लखनऊ का नेट रन रेट माइनस 1.076 है, जो इस सीजन में उसकी सबसे बड़ी कमजोरी साबित हुआ है। ऐसे में 10 टीमों वाले इस टूर्नामेंट में टीम के प्लेऑफ में पहुंचना बेहद मुश्किल माना जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।