IPL 2026 Playoffs Scenario: एक जीत दूर आरसीबी, जानें प्लेऑफ के लिए कैसा है बाकी टीमों का हाल

IPL 2026 Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस काफी रोमांचक हो गई है। लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं, जबकि बाकी 8 टीमें टॉप-4 में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेऑफ के बेहद करीब है और उसे सिर्फ एक जीत की जरूरत है। जानें बाकी के टीमों का हाल

अपडेटेड May 17, 2026 पर 1:09 PM
Story continues below Advertisement
IPL 2026:अब 8 टीमों के बीच प्लेऑफ की रेस बनी हुई है

IPL 2026 Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की जंग अब और रोमांचक हो गई है। आईपीएल की 10 टीमों में से 2 टीमें प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। अब टॉप-4 में जगह बनाने के लिए 8 टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेऑफ में जगह बनाने के बेहद करीब है और टीम को सिर्फ एक जीत की जरूरत है। जानें प्लेऑफ के लिए कौन-कौन सी टीमें रेस में बनी हुई हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो मैच बाकी है। अगर आरसीबी अपने बाकी दोनों मैच हार भी जाती है, तो भी टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं होगी। RCB के पास 16 अंक रहेंगे, जिससे उसके पास क्वालिफाई करने का मौका बना रहेगा। हालांकि इसके बाद टीम को दूसरे मैचों के नतीजों और नेट रन रेट पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला आज पंजाब किंग्स से होगा।


गुजरात टाइटंस

आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत स्थिति में बनी हुई है। टीम को हाल ही में केकेआर के खिलाफ 29 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसका प्लेऑफ टिकट अभी पक्का नहीं हो सका। अब गुजरात को अपने आखिरी लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हराना होगा, तभी टीम आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। अगर गुजरात यह मुकाबला हार जाती है, तो भी उसके पास मौका रहेगा, लेकिन फिर उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।

सनराइजर्स हैदराबाद

सोमवार 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। अगर हैदराबाद ये मुकाबला जीत लेती है, तो टीम प्लेऑफ के और करीब पहुंच जाएगी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए हार बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकती है और टीम टूर्नामेंट से बाहर होने के करीब पहुंच सकती है।

पंजाब किंग्स

पंजाब किंग्स के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबला बेहद अहम रहने वाला है। टीम को प्लेऑफ की उम्मीदें मजबूत रखने के लिए हर हाल में जीत की जरूरत है। अगर पंजाब यह मैच हार जाती है और राजस्थान रॉयल्स व चेन्नई सुपर किंग्स अपने अगले मुकाबले जीत लेते हैं, तो पंजाब अंक तालिका में छठे स्थान पर खिसक सकती है।

चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स

चेन्नई सुपर किंग्स के पास अभी दो मुकाबले बाकी हैं और टीम को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए दोनों मैच जीतने होंगे। वहीं राजस्थान रॉयल्स के पास अभी तीन मैच बाकी हैं। अगर टीम सभी मुकाबले जीत लेती है, तो 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच सकती है। हालांकि अगर दूसरे मैचों के नतीजे उसके खिलाफ जाते हैं, तो नेट रन रेट राजस्थान के लिए परेशानी बन सकता है।

कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स

कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं, लेकिन दोनों टीमों की स्थिति काफी नाजुक है। अगर इनमें से किसी भी टीम को अब हार मिलती है, तो उसका प्लेऑफ में पहुंचने का सपना पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।